कानपुर: देर रात हुई पति-पत्नी की हत्या, वारदात के बाद हत्यारों ने धोए हाथ, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। रामबाग में पति और पत्नी की नृशंस हत्या कर दी गई। दोनों के रक्तरंजित शव कमरे में मिले। हत्या तेजधार हथियार से गला रेतकर की गई। परिजनों को घटना की जानकारी सुबह लगी। पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा, जॉइन्ट कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी, डीसीपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल …

कानपुर। रामबाग में पति और पत्नी की नृशंस हत्या कर दी गई। दोनों के रक्तरंजित शव कमरे में मिले। हत्या तेजधार हथियार से गला रेतकर की गई। परिजनों को घटना की जानकारी सुबह लगी। पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा, जॉइन्ट कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी, डीसीपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मौका मुआयना किया।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य बरामद किए। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे करीबी का हाथ लग रहा है।पुलिस को कमरे से चाकू भी बरामद हुआ। रामबाग निवासी 27 वर्षीय शिवम तिवारी चाट का ठेला लगाते थे। परिवार में पिता दीप कुमार तिवारी, पत्नी 25 वर्षीय जूली और भाई मोनू  है।

बुधवार रात पिता और मोनू छत पर सोने चले गए, जबकि शिवम और जूली कमरे में सो रहे थे। गुरुवार की सुबह करीब पौने छह बजे किरायदार को उनके घर का दरवाजा खुला हुआ नजर आया। कमरे में झांकते ही उसकी चीख निकल गई।

अंदर दोनों के शव पड़े हुए थे। उन्होंने शोर मचाया। परिजन छत से नीचे आये और चीख पुकार मच गई। बजरिया थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर ने भी जांच की। दंपती के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पांच महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह

शिवम तिवारी और दर्शनपुरवा की रहने वाली जूली राजपूत का पांच महीने पहले प्रेम विवाह हुआ था। पुलिस को दोनों की शादी की फोटो और अन्य साक्ष्य मिले हैं।

वारदात के बाद हत्यारों ने धोए हाथ  

पुलिस की तहकीकात में हत्यारों ने वारदात के बाद हाथ धोने के सबूत मिले हैं। दंपती के कमरे के बाहर स्टील का एक डोंगा मिला, जिसमें खून पड़ा हुआ था। फोरेंसिक की टीम ने उसको कब्जे में ले लिया।

सीसीटीवी कैमरे खंगाले  

पुलिस ने मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। वहां से गुजरने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जाएगी।

पढ़ें- मुरादाबाद: हत्या के संदेह में कब्र से निकाला महिला का शव

संबंधित समाचार