मुरादाबाद: गर्मी बढ़ा रही अस्पताल में मरीजों की भीड़, दो हजार से अधिक मरीज पहुंचे
मुरादाबाद, अमृत विचार। गर्मी के कड़े तेवर से जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। गुरुवार को ओपीडी में दो हजार से अधिक मरीजों ने इलाज कराया। फिजिशियन, बालरोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी कतार लगी रही। जिला अस्पताल की ओपीडी में फिजिशियन, चेस्ट फिजिशियन, बालरोग विशेषज्ञ के कक्ष में …
मुरादाबाद, अमृत विचार। गर्मी के कड़े तेवर से जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। गुरुवार को ओपीडी में दो हजार से अधिक मरीजों ने इलाज कराया। फिजिशियन, बालरोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी कतार लगी रही।
- जिला अस्पताल की ओपीडी में फिजिशियन, चेस्ट फिजिशियन, बालरोग विशेषज्ञ के कक्ष में भीड़
- चिकित्सक दे रहे मरीजों को मौसम से तालमेल बनाकर चलने की सलाह
जिला अस्पताल के पंजीकरण, दवा काउंटर के अलावा बाल रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, चेस्ट फिजिशियन कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ रही। बालरोग विशेषज्ञ डॉ. वीर सिंह की ओपीडी में 135 मरीजों को परामर्श दिया गया। इसमें से डायरिया, टायफाइड, उल्टी दस्त की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या ज्यादा रही। बाल रोग विशेषज्ञ का कहना है कि तापमान अधिक बढ़ने से बच्चों में निर्जलीकरण की समस्या आ रही है। बच्चों को तेज धूप व गर्मी से बचाने का उपाय परिवार के लोग करें। तले-भुने खाद्य पदार्थ और फास्ट फूड, कोल्ड ड्रिंक्स आदि के सेवन से बच्चों को दूर रखें।
फिजिशियन डॉ. एनके मिश्र का कहना है कि उनकी ओपीडी में हर दिन सौ से अधिक लोग डायरिया, हीट स्ट्रोक, पेट में दर्द आदि की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। अधिक गर्मी को देखते हुए तली-भुनी खाद्य सामग्री से परहेज करें, पौष्टिक और हल्का खाना लें। पानी व अन्य तरल पदार्थों का इस्तेमाल अधिक करें, जिससे शरीर में पानी की कमी न हो। बाजार के कटे और खुले फल खाने से बचें। तेज धूप से आने के बाद ठंडा पानी न पिएं। मौसमी फलों और शिकंजी का इस्तेमाल करें।
ओपीडी गेट पर क्यारी में लगे पौधों पर तीन बार डाला जा रहा पानी
तेज धूप और गर्मी का असर इंसानों ही नहीं पौधों पर भी देखने को मिल रहा है। धूप से पौधे झुलस कर मुरझा रहे हैं। इसको देखते हुए जिला अस्पताल की ओपीडी गेट पर बनी क्यारी में लगे पौधों को हरा-भरा रखने और मुरझाने से बचाने के लिए दिन में तीन बार पानी डाला जा रहा है। जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक का कहना है कि पौधे भी तेज धूप में मुरझा रहे हैं। इसलिए कई बार पानी डालने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें:- काशीपुर: मंडी समिति टीम ने 297 कुंतल जौ पकड़ा
