मुरादाबाद : यूपी पुलिस के 86 जवानों की पासिंग आउट अधर में
मुरादाबाद,अमृत विचार। माउंटेड पुलिस की प्रशिक्षण अवधि पूरी कर चुकी यूपी पुलिस के 86 जवानों की पासिंग आउट फिलहाल अधर में है। प्रशिक्षण अवधि पूरा होने के बाद भी दीक्षांत परेड की तिथि अभी घोषित नहीं है। ऐसे में माउंटेड पुलिस के नए जवानों को यूपी पुलिस के बेड़े में शामिल होने के लिए लगभग …
मुरादाबाद,अमृत विचार। माउंटेड पुलिस की प्रशिक्षण अवधि पूरी कर चुकी यूपी पुलिस के 86 जवानों की पासिंग आउट फिलहाल अधर में है। प्रशिक्षण अवधि पूरा होने के बाद भी दीक्षांत परेड की तिथि अभी घोषित नहीं है। ऐसे में माउंटेड पुलिस के नए जवानों को यूपी पुलिस के बेड़े में शामिल होने के लिए लगभग दो सप्ताह और इंतजार करना होगा। संभव है कि माउंटेड पुलिस के जवान प्रशिक्षु डीएसपी के साथ ही दीक्षांत परेड में शिरकत करें। डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी डीएसपी व माउंटेड पुलिस के जवानों की पासिंग आउट परेड एक साथ कराने पर विचार कर रही है।
उत्तर प्रदेश में 23 वर्षों बाद माउंटेड पुलिस की भर्ती हुई है। 86 नए घुड़सवार पुलिस अकादमी में प्रशिक्षणरत हैं। घुड़सवारों का छह माह का प्रशिक्षण 22 मई को पूरा हो रहा है। फिर भी पुलिस अकादमी ने माउंटेड पुलिस की पासिंग आउट परेड की तिथि घोषित नहीं की है। पुलिस अकादमी में प्रशिक्षणरत 75 डीएसपी का एक वर्षीय प्रशिक्षण सत्र 15 जून को पूरा हो रहा है। ऐसे में डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी डीएसपी व माउंटेड पुलिस की पासिंग आउट परेड एक साथ आयोजित करने की योजना बना रही है। पूर्व में संपन्न डीएसपी की पासिंग आउट परेड व इस वक्त चल रही डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी की तैयारियों पर गौर करें तो दोनों ही बैच का दीक्षांत समारोह एक साथ होने की प्रबल संभावना है।
दीक्षांत परेड में शिरकत कर सकते हैं मुख्यमंत्री
डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी डीएसपी व माउंटेड पुलिस के दीक्षांत समारोह का मुख्य अतिथि सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ को बनाने पर विचार कर रही है। अकादमी योजना में सफल हुई तो दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ का जून में पहली बार मुरादाबाद आगमन संभव हो सकता है। दीक्षांत परेड के बाबत पुलिस अकादमी की तैयारियों पर एडीजी जयनारायण सिंह ने कहा कि दोनों ही बैच की दीक्षांत परेड एक साथ कराने की योजना पर मंथन जारी है। दीक्षांत परेड जून के पहले हफ्ते में आयोजित होने की संभावना है। हालांकि अभी कोई तिथि निर्धारित नहीं हुई है। कुछ दिनों में दीक्षांत परेड की तिथि व मुख्य अतिथि के नाम पर अंतिम मुहर लग जाएगी। दीक्षांत परेड को लेकर लगातार शासन से बात हो रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मोबाइल फोन पर महिला अधिवक्ता को मिली अपहरण की धमकी, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
