झारखंड: पूर्व मंत्री बंधु तिर्की के ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी
रांची। झारखंड के पूर्व मंत्री बंधु तिर्की के आवास पर सीबीआई की टीम ने गुरुवार को छापेमारी की है। सूत्रों के अनुसार गुरुवार की सुबह पंडरा ओपी क्षेत्र के बनहोरा स्थित आवास पर सीबीआई की टीम पहुंची और कागजात को खंगाल रही है। साथ ही रांची के मोरहाबादी स्थित आवास को भी सीबीआई खंगाल रही …
रांची। झारखंड के पूर्व मंत्री बंधु तिर्की के आवास पर सीबीआई की टीम ने गुरुवार को छापेमारी की है। सूत्रों के अनुसार गुरुवार की सुबह पंडरा ओपी क्षेत्र के बनहोरा स्थित आवास पर सीबीआई की टीम पहुंची और कागजात को खंगाल रही है। साथ ही रांची के मोरहाबादी स्थित आवास को भी सीबीआई खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले के सिलसिले में सीबीआई की टीम ने यह छापेमारी की है।
बंधु तिर्की झारखंड कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हैं और वह पार्टी की कुछ बैठकों में भाग लेने के लिए दिल्ली में हैं। सीबीआई ने हाईकोर्ट के आदेश पर 11 अप्रैल और 22 अप्रैल को राष्ट्रीय खेल घोटाले में दो एफआईआर दर्ज किया था। पहला मामला आरसी 0242022A001 मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण में हुई अनियमितता से जुड़ा है। अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज है।
जबकि दूसरा मामला आरसी0242022A002 है। जो खेल आयोजन से जुड़े घपले घोटाले से है। पहले इस मामले की जांच एसीबी कर रही थी। जिसमें बंधु तिर्की गिरफ्तार भी किए गए थे और उनके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की गई थी। इस मामले में एसीबी ने बंधु तिर्की को अप्राथमिक अभियुक्त बनाया था।
ये भी पढ़ें- गोवा सरकार आईटी उद्योग के लिए श्रमशक्ति की उपलब्धता पर ध्यान देगी: रोहन खुंटे
