पीलीभीत: पूरनपुर पुलिस ने कर दिया लूट का फर्जी खुलासा
पीलीभीत, अमृत विचार। घटनाओं की रोकथाम करने में असफल पुलिस अब खुलासे को लेकर भी फजीहत करा गई। पूरनपुर में फार्मर से हुई लूट की घटना के खुलासे पर पीड़ित ने ही सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पीड़ित से शिनाख्त कराए बिना ही गुपचुप तरीके से वर्कआउट दर्शाकर आरोपी को जेल …
पीलीभीत, अमृत विचार। घटनाओं की रोकथाम करने में असफल पुलिस अब खुलासे को लेकर भी फजीहत करा गई। पूरनपुर में फार्मर से हुई लूट की घटना के खुलासे पर पीड़ित ने ही सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पीड़ित से शिनाख्त कराए बिना ही गुपचुप तरीके से वर्कआउट दर्शाकर आरोपी को जेल भेज दिया। पूरनपुर पुलिस की करतूत उजागर होने के बाद पीड़ित ने किसान नेताओं संग पुलिस लाइन पहुंचकर अधिकारियों से दुखड़ा सुनाया। शिकायती पत्र देकर घटना के सही खुलासे की मांग की गई।
इस शिकायत के बाद पुलिस अधिकारियों की ओर से किए जाने वाले गुणवत्तापूर्ण वर्कआउट के दावों की कलई खुलकर सामने आ गई है। मामला पूरनपुर कोतवाली पुलिस से जुड़ा है। ग्राम दिलीपपुर इटौरिया के निवासी फार्मर बलजिंदर सिंह पुत्र स्वर्गीय कश्मीर सिंह 14 मार्च को पूरनपुर गए थे। एक नर्सिंग होम के पास से उनके 65 हजार रुपये लूट लिए गए थे।
उन्होंने आरोपी को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन असफल रहे थे। इस मामले में पीड़ित ने गुरुवार को पुलिस लाइन पहुंचकर सीओ सदर लल्लन सिंह से दुखड़ा सुनाया। वह भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रदेश संगठन मंत्री रमेश चंद्र द्ददा, जिलाध्यक्ष भजनलाल क्रोधी के साथ थे। सीओ को दिए शिकायती पत्र में उन्होंने बताया कि पूरनपुर पुलिस ने उनके साथ हुई घटना का फर्जी खुलासा कर दिया है। वह आरोपी को सही से पहचान सकते हैं।
इसके बावजूद पुलिस ने गुपचुप तरीके से वर्कआउट दर्शाकर एक व्यक्ति को जेल भेज दिया। उन्हें बुलाकर आरोपी की पहचान तक नहीं कराई गई। आरोपी की अपाचे बाइक भी जोकि घटना में इस्तेमाल हुई थी, उसे भी पुलिस ने बरामद नहीं किया। उन्होंने वास्तविक आरोपी को पकड़वाकर घटना का सही खुलासा करने की मांग की।
पूरनपुर के एक फार्मर ने किसान नेताओं संग आकर खुलासे से जुड़ी शिकायत की है। मामला पूरनपुर सर्किल क्षेत्र का है। ऐसे में पूरनपुर सीओ को भिजवाया जा रहा है। जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। – लल्लन सिंह, सीओ सदर।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: फंदे पर लटका मिला युवक का शव
