मुरादाबाद: करंट की चपेट में आकर अज्ञात युवक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। हाइटेंशन लाइन के टूटे तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ में शामिल लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिल सकी। इस पर शव का पोस्टमार्टम कराकर मोर्चरी में रखवा दिया …

मुरादाबाद, अमृत विचार। हाइटेंशन लाइन के टूटे तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ में शामिल लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिल सकी। इस पर शव का पोस्टमार्टम कराकर मोर्चरी में रखवा दिया गया।

  • गांव मुडिया भायपुर में हाइटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आया युवक
  • सीओ हाइवे और मूंढापांडे पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव मुडिया भायपुर के जंगल की है। दोपहर करीब 11 बजे करीब 26 वर्षीय एक युवक पैदल ही अफजलपुर गांव की ओर जा रहा था। रास्ते से गुजर रही एचटी लाइन का तार काफी नीचे झूल रहा था। अचानक युवक का हाथ एचटी लाइन के झूल रहे इस तार से छू गया। इससे युवक करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर गया और जोरदार आवाज के साथ लाइन में फाल्ट हो गया।

फाल्ट की आवाज सुनकर पास में पेड़ काट रहे मजदूर और भट्ठे पर काम करने वाले लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक को पेड़ की छांव में लिटाया मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गांव मुडिया भायपुर निवासी शीशपाल सिंह ने बताया कि युवक मजदूर प्रतीत हो रहा था। इसलिए उन्होंने भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों को बुलाकर शिनाख्त का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली।

इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर सीओ हाइवे देश दीपक सिंह और एसओ मूंढापांडे हिमांशु चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसओ ने बताया कि तलाशी में भी शव के पास ऐसा कुछ नहीं मिला जिससे पहचान हो पाती। इसलिए अज्ञात में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। सोशल मीडिया के जरिए पुलिस मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: पार्टनर बनाने के नाम 40 लाख लिए, अब रकम नहीं लौटा रहे

संबंधित समाचार