रामपुर: शत्रु संपत्ति संबंधित अभिलेख खंगालकर दिल्ली लौटी कस्टोडियन टीम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में 13.482 हेक्टेअर शत्रु संपत्ति और अहमदनगर पहाड़ी स्थित 16 हेक्टेअर शत्रु संपत्ति का मौका मुआयना करने के बाद अभिलेख देखकर शुक्रवार को गृह मंत्रालय के कस्टोडियन ऑफ एनमी प्रापर्टी फॉर इंडिया की टीम दिल्ली लौट गई। जौहर यूनिवर्सिटी स्थित शत्रु संपत्ति पर प्रशासन ने कब्जा ले लिया …

रामपुर, अमृत विचार। मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में 13.482 हेक्टेअर शत्रु संपत्ति और अहमदनगर पहाड़ी स्थित 16 हेक्टेअर शत्रु संपत्ति का मौका मुआयना करने के बाद अभिलेख देखकर शुक्रवार को गृह मंत्रालय के कस्टोडियन ऑफ एनमी प्रापर्टी फॉर इंडिया की टीम दिल्ली लौट गई। जौहर यूनिवर्सिटी स्थित शत्रु संपत्ति पर प्रशासन ने कब्जा ले लिया है और शत्रु संपत्ति पर पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां द्वारा बनवाई गई दोनों इमारतें सील कर दी गई हैं। जबकि, अहमदनगर स्थित शत्रु संपत्ति पर लोगों ने कब्जा कर लिया है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

  • जौहर यूनिवर्सिटी में शत्रु संपत्ति का हर कोण से लिया टीम ने जायजा
  • ईडी की टीम के बाद अब कस्टोडियन की टीम ने की शत्रु संपत्ति की जांच-पड़ताल

जौहर यूनिवर्सिटी में शत्रु संपत्ति का मौका मुआयना करने के लिए 26 मई की दोपहर कस्टोडियन ऑफ एनमी प्रापर्टी फार इंडिया की तीन सदस्यीय टीम भारत के शत्रु संपत्ति के अभिरक्षक एवं संयुक्त सचिव सौरभ रे की अध्यक्षता में रामपुर पहुंची थी। टीम ने जौहर यूनिवर्सिटी में 13.842 हेक्टेअर शत्रु संपत्ति का स्थलीय निरीक्षण किया था। जौहर यूनिवर्सिटी में स्थित शत्रु संपत्ति पर बने सुरक्षा अधिकारी के बंगले और स्पोर्ट्स कांपलेक्स को भी देखा था। जौहर यूनिवर्सिटी स्थित शत्रु संपत्ति पर विश्वविद्यालय की दो इमारतें हैं।

शत्रु संपत्ति पर कब्जा करने के मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था और इस मामले में आजम खां सवा दो साल तक जेल में रहे। आजम खां 20 मई को सीतापुर जेल से अंतरिम जमानत पर रिहा होकर आ गए हैं। दूसरी ओर, हाईकोर्ट ने जिला प्रशासन को जौहर यूनिवर्सिटी में शत्रु संपत्ति पर कब्जा लेकर जिलाधिकारी से 30 जून तक रिपोर्ट देने के आदेश दिए थे। प्रशासन ने इमारतों को सील करके शत्रु संपत्ति पर कब्जा ले लिया है। दिल्ली से आई टीम जौहर यूनिवर्सिटी में करीब दो घंटे रुकने के बाद तहसीलदार प्रमोद कुमार के साथ अहमदनगर पहाड़ी पहुंची और 16 हेक्टेअर शत्रु संपत्ति का जायजा लिया।

अहमदनगर पहाड़ी में भी लोगों ने शत्रु संपत्ति पर कब्जे कर लिए हैं और मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। संयुक्त सचिव ने राजस्व विभाग के अफसरों से शत्रु संपत्ति से संबधित अभिलेख तलब किए और उनका मुआयना कर छाया प्रतियां रिकार्ड में रख लीं। साथ ही जमीन को कब्जा मुक्त कराए जाने के लिए हाईकोर्ट में पैरवी तेज करने के लिए कहा। इससे पहले 11 मई को आई डिप्टी डायरेक्टर अमित मिश्रा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम दो दिन तक रामपुर में डेरा डाले रही थी और अपनी निगरानी में शत्रु संपत्ति की नापजोख शुरू कराकर 12 मई को लखनऊ वापस लौट गई थी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय से कस्टोडियन ऑफ एनमी प्रापर्टी फार इंडिया की टीम शत्रु संपत्ति के अभिरक्षक एवं संयुक्त सचिव सौरभ रे की अध्यक्षता में गुरुवार को रामपुर पहुंची थी। टीम ने जौहर यूनिवर्सिटी स्थित शत्रु संपत्ति के अलावा अहमदनगर पहाड़ी स्थित शत्रु संपत्ति का स्थलीय निरीक्षण किया और शुक्रवार को अभिलेखों की छाया प्रति लेकर दिल्ली रवाना हो गई।-मनीष मीना, एसडीएम सदर

ये भी पढ़ें:- बिजनौर : नशा और झगड़ा करने से परेशान भाई ने की थी पंकज की हत्या, पहचान छिपाने के लिए जलाया शव

संबंधित समाचार