लखीमपुर-खीरी: इंडो भारत-नेपाल सीमा के गांवों में फैल रहा नकली नोटों का जाल
सम्पूर्णानगर-खीरी, अमृत विचार। इंडो-नेपाल सीमा पर एक बार फिर नकली नोट मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे सीमा क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, लेकिन खुफिया एजेंसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोशल मीडिया पर नकली नोटों के चलन की सूचना प्रसारित होने के बाद खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई …
सम्पूर्णानगर-खीरी, अमृत विचार। इंडो-नेपाल सीमा पर एक बार फिर नकली नोट मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे सीमा क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, लेकिन खुफिया एजेंसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोशल मीडिया पर नकली नोटों के चलन की सूचना प्रसारित होने के बाद खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित संपूर्णानगर क्षेत्र नेपाल सीमा से सटा हुआ है। सीमा से देश विरोधी गतिविधियों को रोकने, तस्करी आदि के लिए एसएसबी तैनात है। इसके अलावा आईबी और स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) आदि खुफिया एजेंसियां भी सीमा पर होने वाली हर गतिविधियों पर नजर रखती है।
इसके बाद भी सीमा क्षेत्र में नकली नोटों के चलन का सिलसिला नहीं रुक रहा है। इस क्षेत्र में पहले भी कई बार नकली नोट खपाने के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें रिपोर्ट भी दर्ज हुई और लोग गिरफ्तार कर जेल भी भेजे जा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी तराई जिले में नेपाल सीमा के संपूर्णानगर क्षेत्र में नकली नोटों का प्रचलन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। यह नोट कहां से आ रहे हैं। इन्हें दुकानों पर कौन चला रहा है। इसकी भनक खुफिया विभाग को भी नहीं लगी है।
क्षेत्र के विशेनपुरी के एक व्यापारी को दस दिन पूर्व कोई 100 रुपये की नोट देकर चला गया। व्यापारी ने शक होने पर जब नोट की जांच की तो वह नकली निकला।व्यापारी ने इसकी सूचना एसएसबी को भी दी। इसी तरह 500 रुपये का भी नकली नोट मिला। शनिवार को क्षेत्र में संचालित कई व्हाट्सएप ग्रुपों पर 100, 200 और पांच सौ रुपये के भारतीय नोटों के चलन की सूचना वायरल होने लगी। इससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
सूचना वायरल होने के बाद सीमा की सुरक्षा में लगी खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। नये आकार के भारतीय नोटों के आने के बाद से क्षेत्र में पहली बार नकली नोटों के चलन की सूचना मिली है। एसअ ो संपूर्णानगर बलंत शाही ने बताया कि उन्हें भी व्हाट्सएप के ग्रुपों से नकली नोट खपाने जाने की जानकारी मिली है। इसमें कितनी सच्चाई है, इसकी जांच कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: आकाशीय बिजली गिरने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत
