बरेली के स्कूलों को प्रदेश में मिला पहला स्थान
बरेली, अमृत विचार। केंद्र सरकार के द्वारा जनपद स्तर पर कराए गए स्कूल सर्वेक्षण में बरेली को पहला स्थान मिला है। स्कूल में स्वच्छता, शिक्षण व्यवस्थाएं और मुलभूत सुविधाओं सहित कुल 59 बिंदुओं के आधार पर स्कूलों का सर्वेक्षण किया गया था। जनपद में सरकारी व मान्यता प्राप्त स्कूलों में से प्रदेश में सर्वाधिक 155 स्कूलों को …
बरेली, अमृत विचार। केंद्र सरकार के द्वारा जनपद स्तर पर कराए गए स्कूल सर्वेक्षण में बरेली को पहला स्थान मिला है। स्कूल में स्वच्छता, शिक्षण व्यवस्थाएं और मुलभूत सुविधाओं सहित कुल 59 बिंदुओं के आधार पर स्कूलों का सर्वेक्षण किया गया था। जनपद में सरकारी व मान्यता प्राप्त स्कूलों में से प्रदेश में सर्वाधिक 155 स्कूलों को 5 स्टार रैंकिंग मिली हैं। जबकि दूसरे स्थान पर बनारस रहा है। जनपद के स्कूलों को सर्वाधिक 5 स्टार रैंक मिलने पर विभागीय अधिकारी व स्कूल संचालक उत्साहित हैं। हालांकि अभी राष्ट्रीय स्तर पर भी स्कूलों का सर्वेक्षण कार्य किया जाना हैं।
विभागीय जानकारी के मुताबिक मई की शुरुआत में 83 एसआरजी, एआरपी आदि कर्मचारियों को स्कूल सर्वेक्षण करने के लिए लगाया गया था। जनपद में कुल 2273 स्कूलों में सर्वेक्षण कार्य कराया गया था। इसमें से 155 स्कूलों में साफ-सफाई व सभी आवश्यक बिंदुओं के पाए जाने पर पांच स्टार रैंकिंग और 446 स्कूलों को चार स्टार रैंकिंग दी गई है।
इसके अलावा शेष स्कूलों को दो और तीन स्टार दिया गया है। इन स्कूलों में मुख्य रूप से पीने का पानी, शौचालय, कोविड वैक्सीनेशन, बैठने की व्यवस्थाएं आदि सहित कुल 59 बिंदुओं को सर्वेक्षण का आधार रखा गया था। बीएसए विनय कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि पूरे विभाग के लिए गर्व का विषय है। स्कूलों में साफ-सफाई के साथ ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं स्थापित कराने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिससे बच्चों को बेहतरीन शिक्षा का माहौल मिल सके ।
राज्य स्तर पर प्रतिभाग के लिए चयनित हुए आठ स्कूल
जनपद स्तर पर 5 स्टार प्राप्त स्कूलों में से 8 स्कूलों को राज्य स्तर पर प्रतिभाग के लिए चयनित कर लिया गया है। प्राथमिक स्कूल सहजनी, यूपीएस सकरास, पीएस हरोलिया, पीएस मथुरापुर, जीडी गोयंका, बीबीएल, जवाहर नवोदय स्कूल और आर्मी पब्लिक स्कूल राज्य स्तर पर प्रतिभाग करेंगे ।
ये भी पढ़ें- बरेली: गंगाशील क्रिकेट क्लब ने 50 रन से जीता अंडर-14 टूर्नामेंट
