मुरादाबाद: पत्नी ने ही प्रेमी से कराई थी रमेश की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रेमी के साथ रहने के लिए महिला ने अपने पति की हत्या करा दी। पुलिस ने महिला के प्रेमी और हत्या में मदद करने वाले उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, मगर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रेमी के साथ रहने के लिए महिला ने अपने पति की हत्या करा दी। पुलिस ने महिला के प्रेमी और हत्या में मदद करने वाले उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, मगर पुलिस इस घटना में महिला की भूमिका की जांच कर रही है।

मामला भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव बीजना का है। यहां रहने वाले रमेश को गांव का ही रिंकू 24 मई की शाम शराब पिलाने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद वह लापता हो गया था। संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। उसका शव 28 मई को पड़ोसी गांव चकबेगमपुर निवासी ओमप्रकाश के खाली पड़े खेत में पड़ा मिला था। उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। मृतक के भाई राधेश्याम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने मामले की छानबीन की तो पता चला कि रमेश की हत्या उसकी पत्नी सीमा ने ही कराई है।

बोली-पति बहुत पीटता है, इसे मार डालो
घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्या सागर मिश्र ने बताया कि करीब एक साल से रमेश की पत्नी सीमा के गांव के ही चुस्की उर्फ बिन्टू से अवैध संबंध थे। रमेश को इसकी भनक लग गई थी। इसलिए वह सीमा के साथ सख्ती करता था। गिरफ्तार चुस्की उर्फ बिन्टू ने पूछताछ में बताया कि एक दिन सीमा ने उससे कहा कि मेरे पति को मार दो। वह मुझे रोजाना मारता है। पति की हत्या के बाद मैं तुम्हारे साथ जाकर मुरादाबाद में रहूंगी। प्रेमिका सीमा के उकसाने पर चुस्की उर्फ बिन्टू रमेश की हत्या के लिए तैयार हो गया।

दो दोस्तों की मदद से की हत्या
प्रेमिका के उकसाने में आकर चुस्की उर्फ बिंटू ने रमेश की हत्या की योजना बना डाली। इसमें उसने गांव में ही रहने वाले अपने दोस्तों रिंकू और मनोज को भी शामिल कर लिया। किसी को शक न हो इसलिए तीनों मुरादाबाद में किराए का कमरा लेकर रहने लगे। योजना के अनुसार 24 मई की रात करीब आठ बजे रिंकू शराब पिलाने के बहाने रमेश को घर से बुलाकर अपने साथ चकबेगमपुर अड्डे पर ले गया। वहां रिंकू ने चुस्की उर्फ बिंटू को फोन करके बता दिया कि रमेश को चकबेगमपुर अड्डे पर ले आया है। इसके बाद चुस्की उर्फ बिंटू और मनोज भी तय स्थान पर पहुंच गए, जबकि मनोज को अड्डे पर ही निगरानी के लिए खड़ा कर दिया। रमेश को रिंकू व चुस्की उर्फ बिंटू ने साईं होटल के पास सड़क किनारे बैठाकर जमकर शराब पिलाई। इसके बाद उसे जंगल के रास्ते ओमप्रकाश के खेत में ले गए। वहां चुस्की उर्फ बिंटू ने पीछे से रमेश के सिर पर डंडे से वार कर दिया। नशा ज्यादा होने से वह डंडे के वार से जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद चुस्की उसकी छाती पर चढ़ गया और रिंकू ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

तीनों पर था 15-15 हजार का इनाम
पुलिस ने छानबीन की तो तीनों के नाम सामने आए। रमेश की हत्या में अपना नाम सामने आने की जानकारी होते ही तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तीनों पर 15-15 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित कर दिया था। 29 मई की रात को पुलिस ने तीनों को धर दबोचा। पुलिस ने गिरफ्तार, चुस्की उर्फ बिन्टू, रिंकू और मनोज को कोर्ट में पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का बैटा और तमंचा भी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद किया है।

महिला की भूमिका की जांच कर रही पुलिस
तीनों आरोपियों ने रमेश की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। उन्होंने मृतक की पत्नी सीमा को ही पूरे मामले की मास्टरमाइंड बताया है। सीमा वर्तमान में गर्भवती है। एसओ भोजपुर सुनील कुमार ने बताया कि आरोपियों के बयानों के आधार पर पति की हत्या में सीमा की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में यदि उसकी भूमिका पाई जाती है तो उसे भी गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: आवारा कुत्तों ने दो बच्चों को पर किया हमला, एक की मौत दूसरे की हालत गंभीर

संबंधित समाचार