मुरादाबाद: बिजनौर के ब्लैकमेलर दंपती पर कटघर थाने में केस दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में महीनों ठगी व ब्लैकमेलिंग करने वाले बिजनौर के दंपती के खिलाफ कटघर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पहले भी जेल जा चुके आरोपी दंपती को कटघर पुलिस दोबारा तलाश रही है। फिलहाल वह फरार हैं। उनकी तलाश में छापेमारी चल रही है। कटघर थाना क्षेत्र में जाहिद नगर जेडएएच …
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में महीनों ठगी व ब्लैकमेलिंग करने वाले बिजनौर के दंपती के खिलाफ कटघर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पहले भी जेल जा चुके आरोपी दंपती को कटघर पुलिस दोबारा तलाश रही है। फिलहाल वह फरार हैं। उनकी तलाश में छापेमारी चल रही है।
कटघर थाना क्षेत्र में जाहिद नगर जेडएएच पब्लिक स्कूल के पास रहने वाले मो. तसलीम के मुताबिक हैंडीक्राफ्ट का उनका एक कारखाना है। इसमें ट्रॉफी व शिल्ड बनता है। 31 मई को वह कारखाने में काम कर रहा था, तभी मोहल्ले में किराए की मकान में रहने वाला आलम अंसारी व उसकी पत्नी फात्मा अंसारी कारखाने पहुंचे। दंपती बगैर अनुमति फोन से कारखाने का वीडियो बनाने लगे। इसके बाद उन्होंने कारोबारी से उगाही की कोशिश की। खुद को पत्रकार बताते हुए दंपती ने कारोबारी से रंगदारी के रूप में 20 हजार रुपये मांगे। रुपये न देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगे। कारोबारी ने रुपये देने से इंकार कर दिया। तब आरोपी गाली-गलौज व हत्या की धमकी देने लगे। शोर सुनकर पड़ोस में मौजूद भूरे, मो. सलीम, शाने आलम निवासी जाहिदनगर करूला आ गए। भीड़ एकत्र होते आरोपी दंपती धमकी देते फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कटघर पुलिस ने आरोपी दंपती पर अभियोग दर्ज कर लिया।
मोहल्ले के कई लोगों से कर चुके हैं ठगी
उधर, पीड़ित मो. तसलीम ने बताया कि रुपये न देने पर पति जहां वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देता है तो उसकी पत्नी दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देती है। मोहल्ले के कई लोगों से आरोपी ठगी कर चुके हैं। पूछताछ में पता चला कि सलीम हैंडीक्राफ्ट के मालिक से दंपती ब्लैकमेलिंग कर चुके हैं। मोहल्ले के रहने वाले बड़े मियां का बिजली बकाया माफ कराने के नाम पर उनसे दंपती ने 15 हजार रुपये ठगे हैं।
आरोपी दंपती की जारी है तलाश
थाना प्रभारी कटघर आरपी शर्मा ने बताया कि आलम अंसारी व उसकी पत्नी को ठगी व ब्लैकमेलिंग के आरोप में पहले भी जेल भेजा जा चुका है। छानबीन में पता चला है कि दंपती जाहिद नगर में किराए की मकान में रहते हैं। वह कारोबारियों को ब्लैकमेल करते हैं। पीड़ित ने घटना से संबंधित वीडियो पुलिस को मुहैया कराई है। फरार दंपती की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, विरोध को आए दुकानदारों को फटकारा
