लखीमपुर-खीरी: भारत के फर्जी पते पर नेपाल की महिला ने बनवाया वीजा और पासपोर्ट
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। मूल रूप से नेपाल की रहने वाली महिला के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भारत के फर्जी पते से वीजा और पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। पीलीभीत की रहने वाली एक महिला ने इस मामले की शिकायत एसपी से की है। महिला का आरोप है कि कथित आरोपी महिला उसके पति …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। मूल रूप से नेपाल की रहने वाली महिला के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भारत के फर्जी पते से वीजा और पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। पीलीभीत की रहने वाली एक महिला ने इस मामले की शिकायत एसपी से की है। महिला का आरोप है कि कथित आरोपी महिला उसके पति को लेकर दुबई भाग जाने की फिराक में है। एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने मामले की जांच स्थानीय अभिसूचना इकाई और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली तिकुनियां को सौंपी है।
पीलीभीत जिले के थाना गजरौला क्षेत्र की रहने वाली मनप्रीत कौर गुरुवार को परिवार वालों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और एसपी संजीव सुमन से मुलाकात की। पीड़िता ने एसपी को तहरीर देकर बताया कि मूलरूप से धनगढ़ी (नेपाल) की रहने वाली एक महिला ने कोतवाली तिकुनियां के गांव रननगर निवासी मंजीत सिंह चीमा को करीब 10 साल पहले अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था।
वह उसके घर आकर रहने लगी थी। कुछ दिन बाद मंजीत सिंह चीमा महिला के साथ नेपाल गया था, जहां उसे नेपाली पुलिस ने एक हत्या के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। नौ साल छह महीने 15 दिन बाद बुधवार यानी पहली जून को वह जेल से रिहा होकर आया है।
बताते हैं कि मंजीत के जेल जाने के बाद कथित महिला मनप्रीत सिंह के पति के संपर्क में आ गई और उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। अब वह पति को लेकर दुबई जाने का प्रयास कर रही है। आरोपित महिला ने इसके लिए जो पासपोर्ट व वीजा बनवाया है। उसमें अपना नाम सिमरन कौर दर्ज कराया है।
रननगर क्षेत्र के ही एक विद्यालय की फर्जी मार्कशीट भी लगाई है। अपने पिता और माता के नाम की जगह पर मंजीत सिंह चीमा के पिता ज्ञानेंद्र सिंह और मां का नाम गुरमीत कौर अंकित कराया है। पति का नाम मंजीत सिंह चीमा लिखा है। एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्थानीय अभिसूचना इकाई और कोतवाली तिकुनियां के प्रभारी निरीक्षक को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।
18 मई को जारी हुआ है वीजा
सिमरन कौर के नाम से 18 मई 2022 को वीजा जारी हुआ है, जो 16 जुलाई तक मान्य है। यह वीजा दो महीने के घूमने के लिए जारी किया गया है, जबकि पीड़ित मनप्रीत कौर के पति परमजीत सिंह का 10 मई को वीजा जारी हुआ है।
शिकायत मिली है। प्रकरण की जांच कोतवाली तिकुनियां और एलआईयू से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी—संजीव सुमन, एसपी।
इसे भी पढ़ें-लखीमपुर-खीरी: एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लोगों से 35 लाख की ठगी
