कानपुर में पीएम मोदी ने परिवारवाद पर बोला हमला, सीएम योगी ने कहा- बीमारू राज्य से ऊपर उठ रहा है यूपी
कानपुर। राष्ट्रपति के पैतृक गांव परौंख में पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभिभूत हो गए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व उनकी पत्नी सविता कोविंद के साथ कुलदेवी पथरी देवी मंदिर में पूजन किया। इस दौरान राष्ट्रपति के बड़े भाई प्यारेलाल ने गांव के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किया गया अंगवस्त्र पहनाया। प्यारेलाल व्हील चेयर …
कानपुर। राष्ट्रपति के पैतृक गांव परौंख में पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभिभूत हो गए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व उनकी पत्नी सविता कोविंद के साथ कुलदेवी पथरी देवी मंदिर में पूजन किया। इस दौरान राष्ट्रपति के बड़े भाई प्यारेलाल ने गांव के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किया गया अंगवस्त्र पहनाया। प्यारेलाल व्हील चेयर से प्रधानमंत्री तक पहुंचे। जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैतृक गांव परौंख आने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज न सिर्फ मेरा गांव आपका ऋणी हो गया है, बल्कि मेरा जिला भी अनुग्रहीत हो गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, भारत में गांव में पैदा हुआ गरीब से गरीब व्यक्ति भी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के पद तक पहुंच सकता है। लेकिन, आज जब हम लोकतंत्र की इस ताकत की चर्चा कर रहे हैं तो इसके सामने खड़ी परिवारवाद जैसी चुनौतियों से सावधान रहने की जरूरत है। ये परिवारवाद ही है, जो राजनीति ही नहीं बल्कि हर क्षेत्र में प्रतिभाओं का गला घोटता है और उन्हें आगे बढ़ने से रोकता है। मैं जब परिवारवाद के खिलाफ बात करता हूं, तो कुछ लोगों को लगता है कि राजनीतिक बयान है। मेरी बात का गलत अर्थ न निकालें, मेरी किसी राजनीतिक दल से या व्यक्ति से कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है।
प्रधानमंत्री ने कहा, मैं तो चाहता हूं कि मजबूत विपक्ष हो, परिवारवाद के शिकंजे में फंसी पाटियां खुद को इससे मुक्त करें और इसका इलाज करें। तभी भारत का लोकतंत्र मजबूत हेागा। मंच पर आदरणीय राष्ट्रपति, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। हम चारों किसी छोटे गांव या कस्बे से यहां तक पहुंचे हैं। मेरा जन्म भी गुजरात के एक छोटे से कस्बे में हुआ था, गांव की संस्कृति, संस्कार और हमारे यहां जुड़े संघर्षों ने मजबूत किया। यही हमारे लोकतंत्र की ताकत है।
बीमारू राज्य से ऊपर उठ रहा है यूपी : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री एक साथ किसी गांव में उपस्थित हुए हैं। भीषण गर्मी में पीएम मोदी ने गांव की एक-एक जगह का अवलोकन किया है, ये प्रेरणा देने वाला है। यूपी के विकास को आगे बढ़ाने के लिए 80 हजार करोड़ रुपए के विकास का कार्यक्रम करने के बाद पीएम मोदी सीधे कानपुर के परौंख गांव पहुंचे हैं। सीएम ने कहा कि यूपी बीमारू राज्य से ऊपर उठ रहा है।
यूपी को यह टीस रहती थी कि देश को नौ-नौ प्रधानमंत्री दिए लेकिन राष्ट्रपति एक भी नहीं। लेकिन आज उत्तर प्रदेश के लोगों को गर्व के अनुभूति होती है कि यहां के एक निवासी को पहली बार देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का उत्तरदायित्व प्रदान किया गया। इसका श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अविनाशी काशी से संसद में प्रतिनिधित्व करने वाले प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास कर रहा है। राष्ट्रपति जी की जन्मस्थली परौंख गांव प्रेरणा देने वाला है। सीएम के बाद राज्यपाल आंनदीबेन पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए राज्य की उपलब्धियां बताईं।
यह भी पढ़ें:-कानपुर: पैतृक गांव परौंख पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम मोदी, पथरी देवी मंदिर में टेका माथा
