अमरोहा : हाईटेंशन विद्युत लाइन पर तार जोड़ने चढ़े युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ढवारसी (अमरोहा), अमृत विचार। शटडाउन लेकर लाइनमैन के कहने पर हाईटेंशन लाइन पर विद्युत तार जोड़ने के लिए चढ़े युवक की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। जिसके बाद बिजली कर्मचारी बिजली घर छोड़कर फरार हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। मामला ढवारसी …

ढवारसी (अमरोहा), अमृत विचार। शटडाउन लेकर लाइनमैन के कहने पर हाईटेंशन लाइन पर विद्युत तार जोड़ने के लिए चढ़े युवक की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। जिसके बाद बिजली कर्मचारी बिजली घर छोड़कर फरार हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया।

मामला ढवारसी के विद्युत उप केंद्र का है। गांव सिकंदराबाद निवासी लाला सिंह पुत्र महीपाल सिंह 26 शनिवार सुबह करीब 9 बजे लाइनमैन सोना के शटडाउन लेने के बाद आदमपुर फीडर पर ढवारसी के सरस्वती शिशु मंदिर के निकट सरकारी नलकूप के पास स्थित 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन पर तार जोड़ने के लिए पोल पर चढ़ा था। लेकिन शटडाउन के बावजूद भी लाइन में विद्युत करंट होने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर बड़ी तादात में लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के उच्च अधिकारी एवं थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ ढवारसी बिजली घर पर पहुंच गए। इनके बाद सीओ हसनपुर एवं उप जिलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद इन सभी अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन नहीं माने और इसी हंगामे के बीच नेहरू मैमोरियल इंटर कॉलेज के सामने ढवारसी उझारी मार्ग पर जाम लगा दिया।

जाम के दौरान राजेंद्र सिंह खड़गवंशी ब्लाक प्रमुख गंगेश्वरी ने पहुंच कर परिजनों का सांत्वना देते हुए समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन परिजन दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्यवाही करने की मांग करने पर आड़े रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी घटनास्थल पर पहुंचे और उनके समझाने पर परिजनों ने करीब 2 घंटे बाद ढवारसी उझारी मार्ग खाली किया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर विद्युत विभाग के 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर दिया। जिसके बाद लोग शांतिपूर्वक अपने घरों को वापस लौट गए। एसडीएम सुधीर कुमार, सीओ सतीश चंद पाण्डेय सर्किल के पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे।

एसडीएम सुधीर कुमार ने बताया कि करंट से युवक की मौत हुई है। जिसके परिवार को किसान दुर्घटना बीमा के तहत पांच लाख रुपये और पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत तीस हजार रुपये की आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।

ये भी पढ़ें : अमरोहा : दबंगों ने युवक को जमकर पीटा, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

संबंधित समाचार