बिजनौर : खेत में गुलदार के पांच शावक देख मचा हड़कंप, वन विभाग की टीम ने की कांबिंग
नजीबाबाद/किरतपुर, अमृत विचार। एक किसान के खेत में गुलदार के पांच शावक होने की सूचना से शनिवार को क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच पड़ताल की और गुलदार के शावक होने से इंकार कर दिया। शनिवार को नजीबाबाद में आयोजित तहसील दिवस में हल्का लेखपाल …
नजीबाबाद/किरतपुर, अमृत विचार। एक किसान के खेत में गुलदार के पांच शावक होने की सूचना से शनिवार को क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच पड़ताल की और गुलदार के शावक होने से इंकार कर दिया।
शनिवार को नजीबाबाद में आयोजित तहसील दिवस में हल्का लेखपाल की ओर से जन सुनवाई की जा रही थी। इस दौरान एसडीएम नजीबाबाद मनोज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। उनको सूचना मिली कि गांव बुडकरा बुडकरी में एक किसान के खेत में गुलदार के शावक हैं। जिस पर एसडीएम ने तुरंत ही वन विभाग की टीम को मामला देखने को कहा। जब वन दरोगा गांव में पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि सलाम अपने गन्ने के खेत में खाद डाल रहा था कि उसे पांच गुलदार के शावक दिखाई दिए। जब ग्रामीणों ने वन दरोगा को फोटो दिखाए तो वन दरोगा ने बिज्जु नामक जानवर होने की पुष्टि की। वन दरोगा शंकर गोस्वामी का कहना है कि खेत में पांचों शावकों की पहचान बिज्जु नामक जानवर के रूप में हुई है, जिन्हें पकड़ना उचित नहीं है।
कब्र बिज्जू के नाम से भी जाना जाता है
बिज्जु एक स्तनधारी जानवर है जो भारतीय उपमहाद्वीप, दक्षिण पश्चिमी एशिया और अफ्रीका में मिलता है। यह एक मांसाहारी प्राणी है जो अधिकतर कब्र के मुर्दों का मांस खाता है, जिसे भारत में कब्र बिज्जू के नाम से भी जाना जाता है। अपने लड़ाके स्वभाव और मोटी चमड़ी के कारण अन्य जानवर इससे दूर ही रहते हैं और अन्य खूंखार प्राणी भी इस पर हमला कम ही करते हैं। यह जानवर मानव जाति से छुपकर दूर चला जाता है, जो अधिकतर मानव जाति पर हमला नहीं करता है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कश्मीर में पंडितों की हत्या और पलायन पर भड़की आप, कहा- पीड़ितों को सुरक्षा मुहैया कराए सरकार
