मुरादाबाद : न्याय के लिए नेपाली किशोरी को तीन दिनों तक करना होगा इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। सामूहिक दुष्कर्म की शिकार नेपाली किशोरी को न्याय पाने के लिए लंबा इंतजार करना होगा। बाल कल्याण समिति ने किशोरी का उम्र प्रमाण पत्र हाथ लगने के बाद प्रकरण में कानूनी कार्यवाही आगे बढ़ाने का फैसला किया है। सिविल लाइन पुलिस बाल कल्याण समिति के बीच असमंजस व उहापोह के कारण नेपाली किशोरी …

मुरादाबाद,अमृत विचार। सामूहिक दुष्कर्म की शिकार नेपाली किशोरी को न्याय पाने के लिए लंबा इंतजार करना होगा। बाल कल्याण समिति ने किशोरी का उम्र प्रमाण पत्र हाथ लगने के बाद प्रकरण में कानूनी कार्यवाही आगे बढ़ाने का फैसला किया है। सिविल लाइन पुलिस बाल कल्याण समिति के बीच असमंजस व उहापोह के कारण नेपाली किशोरी को न्याय मिलने में देर होती जा रही है। सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आने के 48 घंटे बाद भी आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत नहीं हो सका है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हरथला रेलवे स्टेशन के समीप फिजा नगर कालोनी में शनिवार देर शाम अचानक महिलाओं ने एक मकान में नेपाली किशोरी के बंधक होने का दावा किया। महिलाओं ने किशोरी को सामूहिक दुष्कर्म का शिकार होने की बात कही। उपनिरीक्षक अनुज कुमार दलबल के साथ संदिग्ध मकान में छापेमारी करते हुए नेपाली मूल की एक किशोरी को बरामद किया। मौके से मुरादाबाद के दो आटो चालक भी पकड़े गये। घटनास्थल के समीप रहने वाले ठेकेदार रहमान के नेतृत्व में मोहल्ले की भीड़ देर रात सिविल लाइंस थाने पहुंची। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह के सामने पीड़िता व सामूहिक दुष्कर्म के दोनों आरोपियों को पेश किया गया।

देर रात थाना प्रभारी ने बताया कि किशोरी के बयानों में विरोधाभास है। सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर वह अपने बयान बदल रही है। उधर ठेकेदार रहमान व फिजा नगर के बाशिंदे लगातार किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म होने का दावा करते रहे। असमंजस के हालात से पार पाने के लिए पुलिस ने पीड़िता को नारी उत्थान केंद्र भेजा। सामूहिक दुष्कर्म की घटना की तह तक जाने के उद्देश्य से प्रकरण बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया। रविवार को बाल कल्याण समिति के समक्ष किशोरी पेश की गई।

काउंसिलिंग के दौरान किशोरी ने न्यायपीठ को बताया कि वह मूलरूप से नेपाल की रहने वाली है। किशोरी ने मुरादाबाद के दोनों आटो चालकों पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। किशोरी ने बताया कि आटो चालकों ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से पांच दिन पहले उसे अगवा किया। फिर महानगर में जगह बदल कर उसके साथ पांच दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म करते रहे।

पीड़िता ने आटो चालकों पर नशीले पदार्थ व दवाएं जबरिया पिलाने का आरोप भी लगाया। बयान दर्ज करने के बाद बाल कल्याण समिति किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने की तैयारी में है। सोमवार को नेपाली किशोरी का मेडिकल तकनीकी कारणों से नहीं हो सका। किशोरी का मेडिकल मंगलवार को कराया जाएगा। किशोरी का के पास उम्र प्रमाण पत्र नहीं है। ऐसे में मेडिकल रिपोर्ट के जरिए ही किशोरी की वास्तविक उम्र का भी पता लगाया जाएगा। पीड़िता के वास्तविक उम्र का पता लगने के बाद बाल कल्याण समिति प्रकरण में कानूनी कार्यवाही को आगे बढ़ाएगी।

तकनीकी कारणों की वजह से सोमवार को नेपाली किशोरी का मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका। न्याय पीठ मंगलवार को पीड़िता का मेडिकल जिला अस्पताल में कराएगी। मेडिकल रिपोर्ट 2 से 3 दिन बाद बाल कल्याण समिति को मिलेगी। ऐसे में मुकदमा दर्ज होने में कम से कम दो से तीन दिन लगेगा।-हरि मोहन गुप्ता, सदस्य बाल कल्याण समिति, मुरादाबाद।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: न्यायपीठ के सामने नेपाली किशोरी ने बयां की सामूहिक दुष्कर्म की दर्दनाक दास्तां

संबंधित समाचार