रामपुर : ‘हम जेल में बंद थे, वरना तस्वीर दूसरी होती’, आजम खां ने गृह मंत्री समेत नवाबों पर साधा निशाना
रामपुर, अमृत विचार। पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां ने लोकसभा उपचुनाव के लिए सपा प्रत्याशी के तौर पर आसिम राजा के नाम का ऐलान किया। इससे पहले उन्होंने गृह मंत्री समेत नवाबों पर निशाना साधा। इसके अलावा सीतापुर जेल में अपने ऊपर हुई तकलीफों को जिक्र करते हुए कहा कि वहां इतनी तकलीफें दी …
रामपुर, अमृत विचार। पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां ने लोकसभा उपचुनाव के लिए सपा प्रत्याशी के तौर पर आसिम राजा के नाम का ऐलान किया। इससे पहले उन्होंने गृह मंत्री समेत नवाबों पर निशाना साधा। इसके अलावा सीतापुर जेल में अपने ऊपर हुई तकलीफों को जिक्र करते हुए कहा कि वहां इतनी तकलीफें दी जाती हैं कि बंदी आत्महत्या कर लेते हैं। सपा कार्यालय पर प्रत्याशी का नाम का ऐलान करने से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में खूब जोश भरा।
दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाज कराकर शनिवार की तड़के रामपुर पहुंचे आजम खां ने पार्टी प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं करके असमंजस की स्थिति बनाए रखी थी। जबकि, सपा के शहराध्यक्ष आसिम राजा ने एक अपने नाम से और दूसरा पर्चा आजम खां की पत्नी डा. तजीन फातिमा के नाम से खरीदा था। सोमवार को दोपहर 1:30 बजे सपा कार्यालय पर हुई पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक में आजम खां ने सपा के शहराध्यक्ष आसिम राजा के नाम का ऐलान करते हुए तमाम विधायकों से कहा कि उन्हें जितने वोट मिले हैं उतने वोट ही आसिम राजा को दिलवाएं। भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त करा देंगे।
भाजपा प्रत्याशी पर तंज कसते हुए कहा कि यह वही हैं जिनके लिए हमने हेलीकाप्टर से टिकट मंगवाया था और चुनाव में एक रुपया खर्च नहीं होने दिया। एक मिठाई का दाना तक नहीं खाया था। इसके अलावा गृह मंत्री और नवाबों पर अपने परंपरागत अंदाज में निशाना साधा। बोले- हम जेल में बंद थे वरना आज तस्वीर दूसरी होती। सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि जमीन वालों जमीन वालों के साथ इंसाफ करो इंसाफ नहीं करोगे तो फिर आसमान वाला इंसाफ करेगा। कहा कि मुल्क में यह एहसास पैदा कर दिया गया था कि मैं कितना बड़ा अपराधी हूं। कितनी जमीनें और कितनी दौलत लूटी है। कहा कि कोर्ट को यह महसूस हो गया था कि आजम खां बहुत मजलूम शख्स है। लिहाजा सुप्रीम कोर्ट ने अपने इख्तियार का इस्तेमाल किया। कहा कि मैं आपके बीच हूं जमानत पर हूं बरी नहीं हुआ हूं।
पौने चार बीघा जमीन के लिए मुझे माफिया बना दिया : आजम
आजम खां ने कहा कि पौने चार बीघा जमीन के लिए मैं माफिया कहलाया जिसमें सवा बीघा यूनिवर्सिटी में है। मुझे अफसोस है कि गृह मंत्री साहब को यह मालूम नहीं हो सका कि मैं माफिया हूं या नहीं मैं उतना बड़ा अपराधी हूं या नहीं। जिसके खिलाफ कभी 323 का मुकदमा कायम नहीं हुआ वह एक महीने में इतना बड़ा अपराधी कैसे बन गया। कहा कि दो हुकूमतों का मुकाबला किया हिम्मत नहीं टूटी क्योंकि मेरा मालिक मेरे साथ था। इस मौके पर विधायक नसीर अहमद खां, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, अदीब आजम खां, शादाब खां, सरदार अमरजीत सिंह, पूर्व विधायक विजय सिंह, पालिकाध्यक्ष फातिमा जबीं, पालिका अध्यक्ष मिलक केतकी गंगवार, पालिकाध्यक्ष बिलासपुर मोहम्मद हसन, हरज्ञान सिंह, मतलूब अंसारी, अमरीश पटेल और रूही खानम समेत काफी लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : सांसद पद से इस्तीफा देकर आजम खां ने किया रामपुर की जनता का अपमान : नकवी
