बरेली: पर्यावरण दिवस पर पेड़ों को काटने वाले ठेकेदार-बाग मालिक पर रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली/नवाबगंज। पर्यावरण दिवस से ठीक एक रात पहले हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव बीजामऊ में करीब 40 पेड़ काट दिए गए। पेड़ों की कटाई के फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आया। सोमवार को प्रभागीय वनाधिकारी समेत मुख्य वन संरक्षक मौके पर पहुंच गए। वन अधिनियम की धाराओं …

अमृत विचार, बरेली/नवाबगंज। पर्यावरण दिवस से ठीक एक रात पहले हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव बीजामऊ में करीब 40 पेड़ काट दिए गए। पेड़ों की कटाई के फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आया। सोमवार को प्रभागीय वनाधिकारी समेत मुख्य वन संरक्षक मौके पर पहुंच गए। वन अधिनियम की धाराओं में बाग मालिक समेत ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, एक लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना लगाए जाने की बात कही जा रही है।

मामले में वन विभाग ने ठेकेदार की तलाश में दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं आया। बताते हैं कि लकड़ी ठेकेदार बचने के लिए नेताओं की शरण में पहुंच गया है। उधर, विभाग ने स्थानीय वन कर्मियों की मिलीभगत को लेकर जांच शुरू कर दी है। जिसमें गाज गिरना तय माना जा रहा है। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक करीब 40 हरे पेड़ काटे गए हैं।

इनमें आम के 9 और जामुन के 12 पेड़ हैं, जो प्रतिबंधित प्रजातियां हैं। वहीं सिरस और कंजी समेत करीब 40 पेड़ छूट प्रजाति के हैं। पेड़ों को बिना अनुमति के काटा गया है। बीट प्रभारी रामशरन ने बाग मालकिन मिथलेश पत्नी चन्द्रपाल निवासी बीजामऊ हाल निवासी रुड़की हरिद्वार और ठेकेदार मोहम्मद नबी जैदी उर्फ लल्लू पुत्र निजाम अली निवासी जरेली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वनाधिकारी विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने ठेकेदार की धरपकड़ को कई जगह दबिश भी दी। प्रभागीय वनाधिकारी और वन संरक्षक के साथ ही रेंजर विजय सिंह ने बाग का मुआयना किया।

आरा मशीन से बरामद की लकड़ी
वन विभाग की टीम ने काटी गई लकड़ी एक आरा मशीन से बरामद की है। दरअसल, टीम ने लकड़ी की तलाश तेज की तो पता चला कि नरियावल के भिन्डौलिया में बुंदन खां की आरामशीन पर ठेकेदार ने लकड़ी बेची है। जानकारी होने पर टीम ने वहां छापामारी की।

विजय सिंह, क्षेत्रीय वनाधिकारी-
बाग मालकिन के साथ ही लकड़ी ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। 11 से 12 पेड़ प्रतिबंधित प्रजाति के काटे गए हैं। साथ ही विभाग के कर्मी की संलिप्तता को लेकर भी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बाग से काटी गई लकड़ी बरामद कर ली गई है।

ये भी पढ़ें- बरेली: स्मार्ट सिटी की रैकिंग में बरेली पिछड़कर 17वीं पर पहुंचा

 

संबंधित समाचार