कानपुर हिंसा मामले में किसी भी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जायेगा: पुलिस आयुक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। पिछले दिनो हिंसा की आग में झुलसे कानपुर के पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीणा ने कहा कि पुलिस का मकसद 3 जून को हुयी हिंसा के गुनहगारों को उनके किये की सजा दिलाना है और इस मामले में किसी भी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जायेगा। मीणा ने मंगलवार को कहा कि बेकनगंज क्षेत्र …

कानपुर। पिछले दिनो हिंसा की आग में झुलसे कानपुर के पुलिस आयुक्त विजय सिंह मीणा ने कहा कि पुलिस का मकसद 3 जून को हुयी हिंसा के गुनहगारों को उनके किये की सजा दिलाना है और इस मामले में किसी भी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जायेगा। मीणा ने मंगलवार को कहा कि बेकनगंज क्षेत्र में तीन जून को सुनियोजित तरीके से भड़की हिंसा में लिप्त दोषियों की धरपकड़ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है।

उन्होंने कहा, “हमारा मकसद सिर्फ गुनहगारों को सजा दिलाना है। मगर इस मामले में किसी भी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जायेगा।” लोगों से सहयोग की अपील करते हुये उन्होने कहा कि यदि किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई हो रही है तो पीड़ित पक्ष उनके अथवा संयुक्त पुलिस आयुक्त से संपर्क कर सकता है। किसी भी दशा में कोई भी निर्दोष, सजा का हकदार नहीं होगा।

मीणा ने भरोसा दिया कि संयुक्त पुलिस आयुक्त की निगरानी में पुख्ता सबूत के आधार पर ही गिरफ्तारी हो रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि कार्रवाई से पहले सभी तथ्यों की जांच करें और पुख्ता सबूत के बाद ही किसी को गिरफ्तार किया जाये।

गौरतलब है कि पिछली 3 जून को बेकनगंज क्षेत्र के नई सड़क में जुमे की नमाज के बाद सड़क पर उतरी भीड़ ने भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा द्वारा पैगंबर हजरत मोहम्मद के खिलाफ की गयी अभद्र टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस बीच कुछ अराजक तत्वों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी और पटाखा बम फोड़ कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। पुलिस ने इस मामले में अब तक 50 लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-कानपुर हिंसा: अब तक 50 गिरफ्तार, प्रशासन ने की 147 मकानों की पहचान, शहर काजी ने कही यह बड़ी बात

संबंधित समाचार