लखीमपुर-खीरी: जंगल में पेड़ से लटकता मिला शव, हत्या की आशंका
लखीमपुर-खीरी, अमृतविचार। थाना सिंगाही क्षेत्र में भैंस चराने गए एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि युवक के पैर जमीन में लगे हुए थे। उसके तलवों में चाकू घोपे जाने जैसे गंभीर घाव थे। पुलिस …
लखीमपुर-खीरी, अमृतविचार। थाना सिंगाही क्षेत्र में भैंस चराने गए एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि युवक के पैर जमीन में लगे हुए थे। उसके तलवों में चाकू घोपे जाने जैसे गंभीर घाव थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
थाना सिंगाही के गांव चिरकुआ निवासी बलराम कटियार ने बताया कि सोमवार को उनका भाई सोनू कटियार (25) रोज की तरह सोमवार की सुबह भैंस चराने गांव के निकट स्थित जंगल में गए थे। शाम करीब पांच बजे भैंस घर पर आ गई, लेकिन सोनू कटियार घर नहीं पहुंचा। कुछ देर परिवार वालों ने उसके आने का इंतजार किया, लेकिन जब वह वापस नहीं पहुंचा तो परिवार वाले अनहोनी की घटना से आशंकित हो उठे। परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
खेत-खलिहान और गांव में इधर-उधर तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सुबह घर वालों को गांव से पांच सौ मीटर दूर जंगल में एक पेड़ से शव लटका होने की सूचना मिली। इस पर रोत-बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो शव लटका देख उनमें चीख पुकार मच गई। शव के गले में गमछा कसा हुआ था।
शव मिलने की सूचना पर तमाम ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। परिवार वालों का कहना है कि शव के घुटने जमीन पर मुड़े थे। इसके अलावा नीचे तलवों पर चाकुओं से गोदे जाने के भी निशान थे। इससे परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है।
परिवार वालों ने बताया कि 26 मई को मृतक सोनू के बड़े भाई बलराम की पत्नी ने किसी कारणवश फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद मृतक पत्नी के मामा और मामी ने धमकी देते हुए कहा था कि भाई सोनू को जान से मार देंगे। एसओ राजकुमार सरोज ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: पुलिस की लापरवाही से रात भर सीएचसी में पड़ा रहा शव
