रामपुर : निर्दलीय का पर्चा खारिज, भाजपा और सपा प्रत्याशी समेत सात मैदान में डटे
रामपुर, अमृत विचार। लोकसभा उपचुनाव के लिए हुए सपा, भाजपा समेत आठ निर्दलीयों के नामांकन की जांच हुई। जांच के दौरान एक निर्दलीय का पर्चा खारिज हो गया, अब सात प्रत्याशी मैदान में डटे हुए हैं। नौ जून को नाम वापसी है जबकि, 23 जून को मतदान होगा और 26 जून को नतीजा आ जाएगा। …
रामपुर, अमृत विचार। लोकसभा उपचुनाव के लिए हुए सपा, भाजपा समेत आठ निर्दलीयों के नामांकन की जांच हुई। जांच के दौरान एक निर्दलीय का पर्चा खारिज हो गया, अब सात प्रत्याशी मैदान में डटे हुए हैं। नौ जून को नाम वापसी है जबकि, 23 जून को मतदान होगा और 26 जून को नतीजा आ जाएगा। अब नौ जून को नाम वापसी हो सकेगी वहीं नामांकन पत्रों पर आपत्तियां दाखिल करने का भी मौका मिलेगा।
कलेक्ट्रेट के कक्ष संख्या आठ में मंगलवार को प्रेक्षक स्मृति रंजन प्रधान और जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने उम्मीदवारों के नामांकन प्रपत्रों की जांच पंड़ताल की। नामांकन जांच के दौरान मुरादाबाद के रामप्रस्थ कालोनी हरथला मऊ विद्यानगर निवासी नरेश कुमार सैनी का पर्चा खारिज हो गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा बैंक में पैसा नहीं जमा किया गया था इसके अलावा प्रारूप 26 में प्रविष्टियां नहीं भरी गई थीं। जिसके कारण नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया है।
लोकसभा उपचुनाव में अब सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सपा से मोहम्मद आसिम राजा और भाजपा से घनश्याम सिंह लोधी समेत सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। सपा प्रत्याशी आसिम राजा का नाम का ऐलान काफी असमंजस के बाद पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां ने नामांकन से महज डेढ़ पहले घोषित किया था। आजम खां ने नामांकन के आखिरी दिन आखिरी वक्त तक तुरुप का पत्ता अपने हाथ में रखा और सपा के शहराध्यक्ष आसिम राजा से भाजपा प्रत्याशी को शह दे दी। जबकि, भाजपा प्रत्याशी घनश्याम लोधी इससे पहले दो बार सपा के टिकट पर एमएलसी रह चुके हैं। वर्ष 2016 में मोहम्मद आजम खां ने लखनऊ से हेलीकाप्टर द्वारा घनश्याम सिंह लोधी का टिकट मंगवाया था। उन्होंने घनश्याम सिंह लोधी पर किए गए एहसानों को सपा कार्यालय पर हुई कार्यकर्ताओं की बैठक में गिना दिया।
चंदौसी और मुरादाबाद से आकर की दावेदारी
जिला संभल के तहसील चंदौसी के ग्राम पथरा निवासी हरि प्रकाश आर्य भी रामपुर में हो रहे लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवर के तौर पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जबकि, नामांकन जांच के दौरान मुरादाबाद के रामप्रस्थ कालोनी हरथला मऊ विद्यानगर निवासी नरेश कुमार सैनी का पर्चा खारिज हो गया।
लोकसभा उपचुनाव में यह उम्मीदवार ठोंक रहे ताल
प्रत्याशी का नाम – राजनैतिक दल
1- मोहम्मद आसिम राजा – समाजवादी पार्टी
2- घनश्याम सिंह लोधी – भारतीय जना पार्टी
3- हरिप्रकाश आर्य – संयुक्त समाजवादी दल
4- अशोक कुमार – निर्दलीय
5- इम्तियाज उर रहमान खां – निर्दलीय
6- कपिल देव – निर्दलीय
7- शिव प्रसाद – निर्दलीय
नामांकन पत्रों की जांच पूर्ण हो गई है, बैंक में निर्धारित फीस जमा नहीं करने के कारण एक स्वतंत्र उम्मीदवार का नामांकन पत्र कैंसिल हो गया है। नौ जून को नामांकन पत्रों की वापसी और 23 जून को मतदान होगा। चुनाव संबंधी कार्यो के लिए पांच जून से 28 जून तक के लिए नवीन मंडी स्थल डूंगरपुर को अधिग्रहीत कर लिया गया है। -रविंद्र कुमार मांदड़, जिला निर्वाचन अधिकारी
ये भी पढ़ें:- रामपुर: ‘उपचुनाव सियासी पार्टियों के नहीं बल्कि सैद्धांतिक प्रतिबद्धता के बीच’
