वाराणसी: जब ”चिंता देवी” की चिंता को मिनटों में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया दूर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के दौरे पर आयीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पैसे के अभाव में बेटी की शादी पर मंडराते संकट से घिरीं चिंता देवी की समस्या का तत्काल समाधान करा दिया। ईरानी से मंगलवार को मिलकर चिंता देवी ने बताया कि 15 जून को उनकी बेटी की शादी, पैसे के अभाव …

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के दौरे पर आयीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पैसे के अभाव में बेटी की शादी पर मंडराते संकट से घिरीं चिंता देवी की समस्या का तत्काल समाधान करा दिया। ईरानी से मंगलवार को मिलकर चिंता देवी ने बताया कि 15 जून को उनकी बेटी की शादी, पैसे के अभाव में खतरे में पड़ गयी है, जबकि डाकघर में उनके पैसे जमा है लेकिन मिल नहीं रहे हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री का पारा चढ़ गया और उन्होंने डाक विभाग के अफसरों को तलब कर लिया। नतीजा यह हुआ कि देर शाम तक चिंता देवी और उनकी दो बेटियों के नाम 7,01,010 रुपये के तीन चेक मिल गये।

चेक मिलते ही चिंतामुक्त हुयी चिंता देवी ने केंद्रीय मंत्री को आर्शीवाद देते हुए कहा कि अब उनकी बेटी की शादी आसानी से हो जायेगी और बेटी के दिवंगत पिता की आत्मा को शांति मिल सकेगी। ईरानी, आज वाराणसी प्रवास के दूसरे दिन जब भीमनगर में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी स्वच्छता अभियान में भाग लेने पहुंची ,तो चिंता देवी को उनके आने की जानकारी हुई। चिंता देवी भी स्वच्छता अभियान स्थल पर पहुंची और वहां उपस्थित स्थानीय विधायक सौरभ श्रीवास्तव से अपनी मुसीबत बताते हुए मंत्री जी से मिलवाने का अनुरोध किया।

भाजपा नेताओं ने अविलंब चिंता देवी की मुलाकात ईरानी से करायी। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को बताया कि उनके दिवंगत पति ने डाकखाने में बेटियों के नाम पैसा जमा किये थे। डाकखाने में हुए घोटाले के कारण पैसा नहीं मिल पा रहा है। इसी चिंता में पति की एक साल पहले मौत हो गयी। उन्होंने पैसे निकलवाने का आग्रह किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने चिंता देवी के साथ डाकघर चलने की बात कही। लेकिन, उन्हें उस समय डाकघर बंद होने की जानकारी दी गयी।

इस पर उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद दिनेश यादव को निर्देश दिया कि पोस्ट ऑफिस खुलते ही महिला को वहां ले जाकर रुपये निकलवाने में मदद करें। कोई दिक्कत होगी तो वह खुद पोस्ट ऑफिस पहुंचेंगी। डाकघर खुलने पर जब पार्षद उक्त महिला को लेकर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनकी फाइल नहीं मिल रही है। इसकी जानकारी मिलने पर महानगर के भाजपा महामंत्री नवीन कपूर ने डाक अधीक्षक सीपी तिवारी से बात की तो टालमटोल करते हुए कहा कि काम होने में 15 दिन लगेगा।

इस पर ईरानी ने खुद डाक अधीक्षक से बात की तो उसने उनको भी पुराना जवाब दे दिया। इस पर सख्त तेवर अपनाते हुए ईरानी ने केंद्रीय राज्यमंत्री (डाक) देवी सिंह चौहान को फोन किया और पूरी घटना बतायी। तब जाकर चौहान ने तिवारी को निशाने पर लिया और उसने आनन फानन में चिंता देवी के चेक बनाकर दे दिये। डाक विभाग ने चिंता देवी और उनकी दो पुत्रियों, नीतू भारती व कल्पना भारती के नाम क्रमश: 27235 रुपये, 158960 रुपये तथा 514815 रुपये का चेक बनाकर उपलब्ध करा दिया।

यह भी पढ़ें:-रायपुर दौरे पर स्मृति ईरानी और कानून मंत्री रिजिजू, कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

संबंधित समाचार