मुरादाबाद: वाहन चोरों के गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपियों से चोरी की 11 बाइक बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कुंदरकी पुलिस ने बुधवार को वाहन लिफ्टरों के एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया, जिन्होंने अपने महंगे शौक पूरी करने की चाह में वाहनों की चोरी शुरू कर दी। हत्थे चढ़े तीन आरोपियों से चोरी की 11 बाइक बरामद की गई। आरोपियों पर चोरी का अभियोग दर्ज कर बुधवार को उन्हें कोर्ट …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कुंदरकी पुलिस ने बुधवार को वाहन लिफ्टरों के एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया, जिन्होंने अपने महंगे शौक पूरी करने की चाह में वाहनों की चोरी शुरू कर दी। हत्थे चढ़े तीन आरोपियों से चोरी की 11 बाइक बरामद की गई। आरोपियों पर चोरी का अभियोग दर्ज कर बुधवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीनों आरोपी जेल भेज दिए गए।

  • ननिहाल के युवक के साथ मिलकर खड़ा किया नेटवर्क
  • शौक पूरी करने की चाह में करते थे वाहनों की चोरी

एसपी ग्रामीण विद्या सागर मिश्र ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुलिस अभियान के तहत अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है। बुधवार को कुंदरकी पुलिस जलालपुर चौराहे पर वाहनों की जांच में जुटी थी, तभी एक बाइक पर सवार तीन युवकों को पुलिस ने रोका। छानबीन में पता चला कि युवक जिस बाइक पर सवार हैं, उसकी चोरी होने का अभियोग पहले से कुंदरकी थाने में दर्ज है।

पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। हत्थे चढ़े युवकों की पहचान आदिल निवासी ग्राम दौलतपुर व अनीस निवासी ग्राम वीरपुर वरियार उर्फ खरकपुर थाना मूंढापांडे के अलावा उवैश निवासी ग्राम मिलक मोहम्मद जमापुर थाना कुंदरकी के रूप में हुई। तीनों युवकों ने कबूला कि वह बाइक लिफ्टर हैं। चोरी की बाइक औने-पौने दाम पर बेचते हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों से चोरी की 11 बाइक बरामद हुई। बरामद बाइक में दो वाहन गाजियाबाद व एक अमरोहा का है। आठ वाहनों के चेचिस नंबर मुरादाबाद एआरटीओ कार्यालय में दर्ज हैं।

गिरोह का सरदार बना दूर का रिश्तेदार
कुंदरकी थाना प्रभारी ने बताया कि कुंदरकी के उवैश की ननिहाल मूंढ़ापाडे थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में है। ननिहाल जाने के दौरान ही उवैश की मुलाकात आदिल से हो गई। आदिल व अनीस पहले से एक-दूसरे के दोस्त थे। महंगे शौक व कीमती मोाबइल रखने की हसरत ने तीनों को बाइक चोर बना दिया। पहली बार जेल भेजे गए तीनों युवक एक वर्ष के भीतर 11 बाइक चुरा चुके थे। इनका नेटवर्क मुरादाबाद व इसके आसपास के जिलों में फैला था। तीनों युवकों को बाइक चुराने में महारत थी। तीनों युवक पलक झपकते बाइक गायब कर देते थे। तीनों ने बताया कि चोरी का वाहन वह महज पांच से आठ हजार रुपये में बेच देते थे। बाइक चोरी करते ही पहले वाहन का पंजीकरण नंबर हटाते थे। फिर फर्जी नंबर प्लेट लगा बाइक दूसरे को बेचते थे।

वाहन चोरों के एक और गिरोह पर गड़ी नजर
थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि वाहन चोरों का एक और गिरोह कुंदरकी व आसपास के थाना क्षेत्र में सक्रिय है। वाहन चोरों तक पहुंचने का प्रयास जारी है। जल्द वाहन चोरों के दूसरे नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए पुलिस गिरोह का भंडाफोड़ करेगी। हत्थे चढ़े चोरों के गिरोह से उनके तार जुड़े होने की आशंका पुलिस को है। बाइक चोरों के दूसरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें:- रामपुर: तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक खड़ी गाड़ियों में घुसा, मची अफरा तफरी, एक घायल

संबंधित समाचार