बदायूं: तहेरे भाई को सीने में चाकू घोंपकर मार डाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फैजगंज बेहटा, अमृत विचार। पैतृक जमीन को लेकर भाई-बहन के बीच चल रहे विवाद में तहेरे भाई की जान चली गई। भाई-बहन के बीच हुआ झगड़ा शांत कराने पर चचेरे भाई ने सीने में चाकू घोंपकर तहेरे भाई की हत्या कर दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। …

फैजगंज बेहटा, अमृत विचार। पैतृक जमीन को लेकर भाई-बहन के बीच चल रहे विवाद में तहेरे भाई की जान चली गई। भाई-बहन के बीच हुआ झगड़ा शांत कराने पर चचेरे भाई ने सीने में चाकू घोंपकर तहेरे भाई की हत्या कर दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात का पता लगने पर सीओ बिसौली ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव मुड़िया धुरेकी निवासी योगेंद्र पुत्र भीकम सिंह और उनकी दो विवाहित बहनों के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। बुधवार दोपहर लगभग एक बजे जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा था। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाला उनका तहेरा भाई ओमवीर (30) झगड़ा शांत कराने के लिए उनके घर जा पहुंचा। उसने बहन को मान पक्ष बताकर मामला बैठकर निपटाने के लिए कहा। योगेंद्र शांत होने के बजाय तहेरे भाई ओमवीर से अभद्रता करने लगा।

ओमवीर ने गुस्से में आकर योगेंद्र के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। फिर वह बाहर जाकर पड़ोसी राजाराम के घर के बाहर चबूतरे पर जाकर बैठ गया। तभी पीछे से योगेंद्र जा धमका और ओमवीर के सीने में चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से ओमवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे लहूलुहान पड़ा देख आरोपी योगेंद्र मौके से भाग गया।

उधर, ग्रामीणों ने ओमवीर को घायल हालत में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल ओमवीर को अस्पताल ले जाने के बजाय अपने साथ थाने ले गई। थाने में लिखा पढ़ी के बाद परिजनों से आसफपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने के लिए गाड़ी का इंतजाम करने को कहा। इस बीच थाना गेट पर ओमवीर ने दम तोड़ दिया। हालांकि पुलिस वाले ओमवीर को सीएचसी ले गए थे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक ओमवीर की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

समय पर इलाज मिलता तो बच सकती थी ओमवीर की जान
ओमवीर की मौत के पीछे पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। ग्रामीणों के मुताबिक चाकू के हमले से घायल हुए ओमवीर के सीने से खून बह रहा था। बावजूद इसके मौके पर पहुंचे पुलिस वाले घायल को अस्पताल ले जाने के बजाय सीधे थाने ले गए। वहां से अपनी गाड़ी में ले जाने के बजाय अस्पताल ले जाने के लिए घरवालों से वाहन का इंतजाम करने को कहा। इस बीच इलाज मिले के बजाय ओमवीर के शरीर से खून ज्यादा बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मां की जिद पर घायल को थाने ले जाया गया था।

तीन बीघा जमीन को लेकर होता था भाई-बहन में झगड़ा
योगेंद्र का उसकी बहन से तीन बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बहन पैतृक जमीन में अपना हिस्सा मांगती है। वह जब भी मायके में आती तो भाई योगेंद्र से झगड़ा जरूर होता था। बुधवार को वह मायके आई तो जमीन में हिस्से को लेकर योगेंद्र से झगड़ा होने लगा। बड़े होने के नाते ओमवीर चचेरे भाई योगेंद्र को समझाने के लिए उसके घर पहुंचे थे। ग्रामीणों के अनुसार बहन से अभ्रद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर ओमवीर ने चचेरे भाई योगेंद्र को थप्पड़ मार दिया था।

गांव मुड़िया धुरेकी में एक युवक ने गांव के ही दूसरे युवक को चाकू घोंप दिया। घायल को तुरंत सीएचसी पर ले जाया गया था। वहां उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है— चरण सिंह राणा, एसओ, थाना फैजगंज बेहटा।

इसे भी पढ़ें- बदायूं: कैदी ने जेल में फंदे पर लटककर की आत्महत्या

संबंधित समाचार