Ranji Trophy 2022 : मुंबई ने दर्ज की क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत, उत्तराखंड को 725 रनों से हराया
नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुंबई की टीम ने इतिहास रच दिया। मुंबई ने गुरुवार को केएससीए ग्राउंड (अलूर) में आयोजित रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में उत्तराखंड को 725 रनों से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड न्यू साउथ वेल्स …
नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुंबई की टीम ने इतिहास रच दिया। मुंबई ने गुरुवार को केएससीए ग्राउंड (अलूर) में आयोजित रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में उत्तराखंड को 725 रनों से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड न्यू साउथ वेल्स के नाम था। जनवरी 1930 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में न्यू साउथ वेल्स ने क्वींसलैंड को 685 रनों से शिकस्त दी थी।
मुंबई ने कप्तान पृथ्वी शॉ (72) और यशस्वी जायसवाल (103) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत अपनी दूसरी पारी 261/3 पर पारी घोषित की, जिसके चलते उत्तराखंड को 795 रनों का टारगेट मिला था। जवाब में उत्तराखंड की दूसरी पारी महज 69 रनों पर सिमट गई। केवल सुरेश खुराना (25) और कुणाल चंदेला (21) ही दोहरे अंक को पार कर सके. मुंबई के लिए धवल कुलकर्णी, शम्स मुलानी और तनुश कोटियन ने तीन-तीन विकेट, जबकि मोहित अवस्थी ने चार ओवर में पांच रन देकर एक विकेट प्राप्त किए।
मुंबई ने पहले खेलने के बाद अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 647 रन बनाकर घोषित की थी। सुवेद पारकर ने फर्स्ट क्लास डेब्यू करते हुए 252 रन बनाए, जबकि सरफराज खान ने 153 रनों का योगदान दिया । जवाब में उत्तराखंड की पूरी टीम पहली पारी में 114 रनों पर सिमट गई। मुंबई के लिए शम्स मुलानी ने सबसे ज्यादा पांच विकेट चटकाए।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी जीत
- 725: मुंबई ने उत्तराखंड को हराया (2022)
- 685: न्यू साउथवेल्स ने क्वींसलैंड को हराया (1929/30)
- 675: इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को हराया (1928/29)
- 638: न्यू साउथवेल्स ने दक्षिण ऑस्ट्रेलिया को हराया (1920/21)
- 609: मुस्लिम कमर्शियल बैंक ने वॉटर एंड पावर डेवलपमेंट अथॉरिटी को हराया (1977/78)
ये भी पढ़ें : IND vs SA T20 Series : टीम इंडिया के कप्तान बनने के बाद ऋषभ पंत बोले- ‘अच्छा लग रहा है, इसका पूरा लाभ उठाऊंगा’
