संभल: गंगा दशहरा पर राजघाट और श्रीहरिबाबा में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, लगाई आस्था की डुबकी
संभल/बबराला, अमृत विचार। गंगा दशहरा के अवसर पर गुरुवार को श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह से लेकर दोपहर तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने के लिए पहुंचे। बबराला के राजघाट, श्रीहरिबाबा बांधधाम और जुनावई के संकरा घाट पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। यहां घाटों पर आयोजित मेले में महिलाओं …
संभल/बबराला, अमृत विचार। गंगा दशहरा के अवसर पर गुरुवार को श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह से लेकर दोपहर तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने के लिए पहुंचे। बबराला के राजघाट, श्रीहरिबाबा बांधधाम और जुनावई के संकरा घाट पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। यहां घाटों पर आयोजित मेले में महिलाओं और बच्चों ने खूब खरीदारी की।
गुरुवार को गंगा दशहरा पर जनपद के गंगाघाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ा। श्रद्धालुओं ने तड़के ही गंगाघाटों की ओर रुख किया। यहां स्नान किया, इसके बाद दुग्ध, फल, फूल और मिष्ठान आदि अर्पित कर पूजा अर्चन कर दान पुण्य किया। मां गंगा से अपनी परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने गंगाघाट पर बने मंदिरों में भी मत्था टेका। पूरे दिन हवन और यज्ञ होते रहे। मां गंगा के जयकारों से गंगातट का माहौल भक्तिमय हो गया।
यहां बहुत से श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया। मनौती पूर्ण होने श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद वितरण किया। शाम में गंगा सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने विधिवत रूप से मां गंगा की आरती का आयोजन किया। घाटों पर आयोजित मेले में महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंगाघाटों पर पुलिस की तैनाती रही। डीएम मनीष बंसल और एसपी चक्रेश मिश्रा ने गंगाघाट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
संभल, चंदौसी और बहजोई के अलावा ग्रामीण इलाकों से शाम तक श्रद्धालु गंगा तट पर स्नान के लिए पहुंचे रहे। आचार्य शिवभक्त शर्मा ने बताया कि सनातन धर्म में गंगा दशहरा को बहुत महत्व है। कहा कि जेष्ठ शुक्ल की दशमी तिथि को मां गंगा का स्वर्ग से धरती पर अवतरण हुआ था। गंगा दशहरा पर पतित पावनी के अमृत रूप जल में स्नान करने पश्चात मांग गंगा की पूजा अर्चन और दान पुण्य करने से असीम कृपा होती है। हर प्रकार के कष्टों से मुक्ति मिलती है।
डीएम-एसपी ने गंगा घाटों का किया निरीक्षण
संभल। जिलाधिकारी मनीष बंसल और एसपी चक्रेश मिश्रा ने गुरुवार को गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में गंगाघाटों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम और एसपी ने 23वीं वाहिनी पीएसी की मोटर बोट में बैठकर गंगा घाट का निरीक्षण किया। इसके बाद श्रीहरिबाबा बांधधाम के गंगातट पर पहुंचे। डीएम ने कहा कि श्रीहरिबाबा बांध पर कोई स्थाई घाट नहीं है। कच्चा घाट होने की वजह से हादसे की संभावना बनी रहती है। उन्होंने निर्देश दिए कि गंगा में घाट को चयनित किया जाए। गहराई वाले स्थानों पर श्रद्धालु नहाने न जाएं। गंगा में बल्ली और झंडी लगाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ही नहाने का लिए जागरूक करें।
ये भी पढ़ें:- सीतापुर: शौचालय में देवी-देवताओं की चित्र वाली टाइल्स देख भड़का हिंदू संगठन, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
