बरेली: पुलिस-प्रशासन रहा अलर्ट, नहीं हुई खुराफात
अमृत विचार, बरेली। जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। जिले में कोई भी खुराफात नहीं हो सकी। धार्मिक स्थल व संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात रही। एडीजी, आईजी, कमिश्नर, डीएम और एसएसपी हर सूचना पर नजर रखे रहे। शुक्रवार को शहर में किसी तरह की कोई खुराफात न हो सके। इसके लिए पुलिस …
अमृत विचार, बरेली। जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। जिले में कोई भी खुराफात नहीं हो सकी। धार्मिक स्थल व संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात रही। एडीजी, आईजी, कमिश्नर, डीएम और एसएसपी हर सूचना पर नजर रखे रहे। शुक्रवार को शहर में किसी तरह की कोई खुराफात न हो सके। इसके लिए पुलिस पांच दिन से मेहनत कर रही थी।
सुबह से ही अफसर पल पल की खबर फोन पर लेते रहे। दोपहर में एडीजी राजकुमार, आईजी रमित शर्मा, कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे, डीएम शिवाकांत द्विवेदी, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण शहर में भ्रमण पर रहे। वे कोतवाली भी पहुंचे। इसी बीच दिल्ली, सहारनपुर और प्रयागराज में प्रदर्शन की खबर आई तो पुलिस और अलर्ट हो गई। इसके बाद संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ा दी। इसका परिणाम यह हुआ कि कोई खुराफात नहीं हो सकी।
एसएसपी को देख पहन ली उल्टी टोपी
सुबह से ही अफसरों ने पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। इसी बीच एसएसपी का काफिला सिविल लाइंस चौकी पर पहुंचा। वहां पुलिसकर्मी कुर्सियों पर बैठकर आराम कर रहे थे। एसएसपी को देख कुछ कर्मी एकदम अलर्ट हो गए। इसी बीच एक पुलिसकर्मी ने घबराहट में उल्टी टोपी लगा ली। यह देखकर एसएसपी के पीआरओ ने उसे फटकार लगाई। जिसके बाद पुलिसकर्मी ने टोपी सीधी की।
ड्रोन से रखी गई नजर
शहर के थानेदारों ने इलाकों में ड्रोन उड़ाकर देखा कि कहीं भीड़ तो नहीं जुट रही है। लेकिन पूरे दिन की चेकिंग के दौरान उन्हें कहीं पर भी भीड़ जुटती नजर नहीं आई। पुलिस को देख सड़कों पर खड़े लोग अपने घरों में घुस गए।
इस्लामिया मैदान का गेट कर दिया बंद
शहर में सबसे अधिक भीड़ इस्लामिया के मैदान में जुटती थी। इस बार ऐसा न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने इस्लामिया के मैदान का गेट बंद करवा दिया। वहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस के वाहनों के गेट के बाहर खड़े कर दिए गए।
एडीजी ने घूमकर देखा शहर का माहौल
एडीजी राजकुमार ने दोपहर में प्रेमनगर के कोहाड़ापीर, कुतुबखाना, ईंट पजाया चौराहा, कांकर टोला, जगतपुर, ईसाइयों की पुलिया समेत सैलानी तक पैदल गश्त की। उनके साथ सीओ प्रथम श्वेता यादव और एडीजी पीआरओ गीतेश कपिल भी मौजूद रहे।
रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी-
पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार थी। अलर्ट रहने के चलते कहीं पर कोई विवाद नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें- बरेली में जुमे को लेकर पुलिस अलर्ट, कानपुर में बवाल के बाद प्रशासन की पैनी नजर
