लखीमपुर-खीरी: पसगवां के बरैंची में तीन करोड़ 88 लाख की संपत्ति कुर्क

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी/पसगवां। पसगवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरैची में नौ भू माफिया इतने बढ़े कि जमीन और अवैध सम्पत्ति तो कमाई ही, आपराधिक प्रवृत्ति में भी संलग्न हो गये। इन पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई। एक गिरफ्तार भी हुआ लेकिन 8 फरार हैं। शनिवार को जिला मजिस्ट्रेट ने अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए यहां …

लखीमपुर-खीरी/पसगवां। पसगवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरैची में नौ भू माफिया इतने बढ़े कि जमीन और अवैध सम्पत्ति तो कमाई ही, आपराधिक प्रवृत्ति में भी संलग्न हो गये। इन पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई। एक गिरफ्तार भी हुआ लेकिन 8 फरार हैं। शनिवार को जिला मजिस्ट्रेट ने अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए यहां कुर्की की कार्रवाई की।

अवैध सम्पत्ति कब्जाने और आपराधिक इतिहास के चलते नौ आरोपितों की 3.88 करोड़ की संपत्ति पर बुलडोजर चलाकर कब्जा मुक्त कराया गया। कुछ मकानों को सील करने के साथ ही बाउंड्रीवाल को भी गिराया गया। एडिशनल एसपी अरुण कुमार के नेतृत्व में जब्तीकरण की कार्यवाही की गई।

पसगवां पुलिस द्वारा आपराधिक मामलों में संलिप्त महबूब खां (गैंगलीडर) सहित उसके साथी बाबू, दिलशाद, सरबर, तुफैल, मुन्ना, एजाज, शब्बन और शब्बीर के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्यवाही की गई थी। इन सभी पर ग्राम समाज की सरकारी जमीन, खलिहान, परती जमीन पर अवैध कब्जा करके कृषि कार्य करने व अवैध निर्माण कार्य का आरोप है।

इन लोगों ने सरकारी जमीनों पर कब्जा करते हुए करोड़ों की सम्पत्ति तैयार कर ली थी। इन लोगों पर आरोप है कि अवैध कमाई कर सम्पति अर्जित की है। इसके अलावा सरकारी भूमि ,नवीन परती ,खलिहान आदि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का मकान का निर्माण करा लिया है।

अन्य लोगों की निजी ज़मीनों पर कब्जा कर फसलें बो रहे हैं। यह लोग दबंग व माफिया किस्म के हैं। इनमें दिलशाद पुत्र शमशाद गिरफ्तार हो चुका है। कार्यवाही के दौरान अवैध कमाई से अर्जित की गई सम्पत्ति कृषि भूमि ,बाग ,तालाब आदि को कुर्क कर लिया गया है।

आरोपियों पर दर्ज हैं दर्जनों मुकदमें
गैंगलीडर महबूब के खिलाफ पसगवां कोतवाली में एससीएसटी, गैंगस्टर आदि के 12 मुकदमे दर्ज हैं। सरवर पर भी 12 मुकदमे दर्ज हैं। दिलशाद पर 14 मुकदमें दर्ज हैं। शब्बीर, मुन्ना, एजाज व शब्बन पर आठ-आठ मुकदमें दर्ज हैं। तुफैल पर सात मुकदमें दर्ज हैं। शबाबू खां पर दस मुकदमे दर्ज है।

भारी संख्या में तैनात रहा पुलिस प्रशासन
चल-अचल संपत्ति को कुर्क करने के लिए गांव में भारी संख्या में फोर्स आया। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, तहसीलदार संतोष कुमार शुक्ल, सीओ अरविन्द वर्मा व कोतवाली निरीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित दो प्लाटून पीएसी, पसगवां, मोहम्मदी, मैगलगंज व हैदराबाद थाने की पुलिस फोर्स तैनात रहा।

साढ़े तीन हेक्टेयर कृषि भूमि कुर्क की गई। तीन करोड़ 88 लाख रुपए की अवैध सम्पति पर कब्जा किया है। मकानों को सील कर दिया गया है। रविवार को भी सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने का अभियान चलाया जाएगा—-संतोष कुमार शुक्ला, तहसीलदार मोहम्मदी।

नौ दुर्दांत अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही की जा रही है। गैंगलीडर महबूब खां सहित नौ लोगों की संपत्ति का जब्तीकरण किया जा रहा है। इन लोगो द्वारा ग्राम समाज की भूमि, कृषि भूमि, खलियान सहित अन्य सरकारी जमीन व मकान पर अवैध तरीके से कब्जा किया गया था उसको ध्वस्तीकरण करके मुक्त कराया गया। अपराध करके अर्जित की गई लगभग पौने चार करोड़ को संपत्ति को जब्त किया गया है—अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक।

इसे भी पढ़ें-लखीमपुर-खीरी: जुमे की नमाज पर रही पुलिस की कड़ी नजर, शांतिपूर्ण तरीके से अदा हुई नमाज

संबंधित समाचार