अयोध्या में करोड़ों के भूमि घोटाले की सीएम व डिप्टी सीएम से हुई शिकायत
अमृत विचार, अयोध्या। अयोध्या में जमीन घोटाला। शायद यह शब्द एक दूसरे के पूरक हो गए हैं। साल भर पहले मंदिर की भूमि की खरीद-फरोख्त में घपले की खबर आई। फिर यहां ट्रस्ट की भूमि को अपने रिश्तेदारों के नाम लिखाने में अधिकारियों के नाम उछलने का भी मामला आया और अब एक बार फिर …
अमृत विचार, अयोध्या। अयोध्या में जमीन घोटाला। शायद यह शब्द एक दूसरे के पूरक हो गए हैं। साल भर पहले मंदिर की भूमि की खरीद-फरोख्त में घपले की खबर आई। फिर यहां ट्रस्ट की भूमि को अपने रिश्तेदारों के नाम लिखाने में अधिकारियों के नाम उछलने का भी मामला आया और अब एक बार फिर भूमि घोटाले का मामला उजागर हुआ है।
मामला अयोध्या धाम के लगभग 20 करोड़ की चारागाह भूमि की लैंड यूज बदल कर बेचे जाने से जुड़ा है। आरोप है कि भू माफियाओं ने चकबंदी अधिकारियों से मिलकर ये जमीन घोटाला किया है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय के प्रभारी प्रकाश कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को इस मामले में डिप्टी सीएम केशव मौर्य से लिखित शिकायत की है। इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीएम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत की थी। प्रकाश गुप्ता ने अपनी शिकायत में कहा है कि लगभग साढ़े आठ बिस्वा की इस जमीन को भू माफियाओं ने बेचने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए बकायदा जमीन की प्लाटिंग की जा रही है।
इस भूमि घोटाले में भू राजस्व विभाग के कर्मचारी और अधिकारी भी शामिल हैं। चकबंदी के अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन कर वर्ग एक 6 की जमीन को फर्जी तरीके से वर्ग 1 क में कर दिया है, जबकि इसका अधिकार केवल राजस्व परिषद या शासन को है। अभी इस जमीन का दाखिल खारिज नहीं हुआ है। मामला उजागर होने के बाद से फिर से खलबली मच गई है। शासन-प्रशासन में अभी सब चुप्पी साधे हुए हैं।
पढ़ें-गाजियाबाद: मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस-वे भूमि घोटाले में DM निधि सस्पेंड, सीएम योगी ने FIR का दिया आदेश
