अमरोहा : लाठी-डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या, आरोपी फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। पति ने लाठी डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे विवाहिता के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर सीओ सिटी, एसओ देहात पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक …

अमरोहा, अमृत विचार। पति ने लाठी डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे विवाहिता के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर सीओ सिटी, एसओ देहात पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। मामले की जांच पड़ताल कर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह घटना थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव लोदीपुर बंजारा की है।

संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के गांव मन्नी खेड़ा निवासी कमल सिंह ने साल 2013 में अपनी बेटी प्रीति की शादी थाना अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव लोधीपुर बंजारा निवासी नरेंद्र पुत्र करतार सिंह के साथ की थी। आरोप है कि एक साल से विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। एक महीने पहले नरेंद्र ने प्रीति को मारपीट कर मायके में गांव के बाहर छोड़ दिया। प्रीति रोते हुए मायके पहुंची।

रिश्तेदारों से सुलह समझौते के बाद नरेंद्र ने प्रीति को वापस बुला लिया। विवाहिता के भाई का आरोप है कि रविवार की सुबह उन्हें प्रीति की मौत की खबर मिली। मायके वाले प्रीति के घर पहुंचे तो उसका शव खून में लथपथ पड़ा था। आरोपी नरेंद्र मौके से फरार था। मृतका के भाई का आरोप है कि उसके पति नरेंद्र ने लाठी डंडे से पीट पीटकर प्रीति की हत्या कर दी। खून से सना डंडा भी घर में पड़ा था। मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। कार्रवाई की मांग को लेकर मायके वाले हंगामा करने लगे।

सूचना पर सीओ सिटी वीके राणा, एसओ देहात ब्रजेश सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने म्रतका का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। एसओ ब्रजेश सिंह ने बताया कि मृतका के भाई अपने बहनोई नरेंद्र पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है, मामले में आरोपी नरेंद्र पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

बेटे ने मां और भाभी को लाठी डंडों से पीटा
हसनपुर। कलयुगी बेटे ने मां और विधवा भाभी की पिटाई कर दी। सास की पिटाई होती देखकर उनको बचाने पहुंची विधवा को भी देवर ने लाठी डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस ने विधवा को मेडिकल के लिए भेजा है।

रविवार को नगर के मोहल्ला मनिहारान निवासी चमन अपनी मां प्रेमवती से खर्चे के लिए पैसा मांग रहा था। चमन काम धंधा नहीं करता है तथा घर में परिवार के लोगों के साथ गाली गलौज करता रहता है। मां प्रेमवती ने चमन को पैसे देने से इंकार कर दिया, जिससे वह आग बबूला हो गया तथा अपनी मां प्रेमवती के साथ मारपीट करने लगा।
चमन की विधवा भाभी शकुंतला ने सास प्रेमवती को बचाने का प्रयास किया तो उसने उनके साथ भी गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। उसके बाद चमन ने विधवा को लाठी-डंडों से पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। घायल शकुंतला व प्रेमवती कोतवाली पहुंच गये। दोनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों को मेडिकल कराने के लिए भेज दिया।
मामले में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी ने बताया कि तहरीर एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:- शाहजहांपुर: खन्नौत नदी में डूबे तीन बालक, एक की मौत, दो को बचाया गया

संबंधित समाचार