पीलीभीत: पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर टाला, एसपी ने लिखाई रिपोर्ट
पीलीभीत, अमृत विचार। रहस्यमय ढंग से लापता हुए युवक का 18 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। परिवार की ओर से कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। इस पर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर कर्तव्यों से इतिश्री कर ली। युवक को तलाशने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। इधर, परिवार …
पीलीभीत, अमृत विचार। रहस्यमय ढंग से लापता हुए युवक का 18 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। परिवार की ओर से कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। इस पर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर कर्तव्यों से इतिश्री कर ली। युवक को तलाशने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए।
इधर, परिवार वालों को अनहोनी की आशंका सताने लगी। एसपी से बेटे के लापता होने का दुखड़ा सुनाते हुए गुहार लगाई। जिसके बाद अब पुलिस हरकत में आई और गुमशुदगी को अपहरण की धाराओं में तरमीम कर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्राम बिलगवां भूड़ गौटिया की रहने वाली मीरा देवी पत्नी गंगाप्रसाद ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 27 मई की दोपहर करीब 12 बजे उनका बेटा पुष्पेंद्र रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं आया तो परिवार वाले उसे तलाशने निकले।
मगर, उसका कहीं कोई पता नहीं लग सका। इसकी तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करके टाल दिया। बेटे के बारे में कोई सुध नहीं ली गई। पीड़िता ने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने मामले में पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद 18 दिन से गुमशुदगी दर्ज कर टालमटोल में जुटी कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई।
एसपी को दिए प्रार्थना पत्र के आधार पर युवक को अगवा करने की धाराओं में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कोतवाल हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि मामले में पूर्व में ही गुमशुदगी दर्ज थी। मां की ओर से अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवक को तलाशने के लिए सुरागरसी कराई जा रही है।
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: पुलिस ने बोलकर लिखाई तहरीर और लगवा लिया अंगूठा
