हरदोई: सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट करने वाले चाय विक्रेता के खिलाफ केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहाबाद/हरदोई। शाहाबाद कस्बे में पिछले काफी दिनों से सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का कुत्सित प्रयास लगातार जारी है। इसी सिलसिले में सोशल मीडिया पर एक संप्रदाय विशेष के खिलाफ भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट डालने वाले एक चाय विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस चाय विक्रेता की तलाश कर रही है। …

शाहाबाद/हरदोई। शाहाबाद कस्बे में पिछले काफी दिनों से सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का कुत्सित प्रयास लगातार जारी है। इसी सिलसिले में सोशल मीडिया पर एक संप्रदाय विशेष के खिलाफ भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट डालने वाले एक चाय विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस चाय विक्रेता की तलाश कर रही है।

इस वक्त कानपुर और प्रयागराज में हुए गदर के बाद प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना है। कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक बुलाकर संभ्रांत जनों को आपसी सद्भाव और भाईचारा रखने की अपील के बाद भी अराजक तत्व बाज नहीं आ रहे हैं। शाहाबाद के मोहल्ला मौलागंज के रहने वाले एक चाय विक्रेता ने मुस्लिम भावनाओं को आहत करने वाली एक पोस्ट सोशल मीडिया पर डाली जिसके बाद एक वर्ग विशेष में आक्रोश व्याप्त हुआ।

मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस ने आनन-फानन में जानकारी हासिल करके मौलागंज के एक चाय विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज कराया। यह मामला सरदार गंज चौकी इंचार्ज विजय कुमार शुक्ल द्वारा दर्ज कराया गया। पुलिस चाय विक्रेता की तलाश कर रही है।

सांप्रदायिक सद्भाव गाड़ने का किया गया प्रयास

पिछले काफी दिनों से कुछ अराजक तत्वों द्वारा शहर के सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है हालांकि एसडीएम सौरभ दुबे, क्षेत्राधिकारी विशाल यादव और प्रभारी निरीक्षक एसके मिश्र की सक्रियता के चलते अराजक तत्व कामयाब नहीं हो सके। इन अधिकारियों ने नजाकत को भांपकर मामले को सुलझाने में हमेशा कामयाबी हासिल की।

प्रभारी निरीक्षक बोले

कल सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट के बारे में प्रभारी निरीक्षक एसके मिश्र ने संज्ञान लेते हुए तत्काल पुलिस की टीमें इस पोस्ट को डालने वाले की पहचान करने के लिए लगाईं और चाय विक्रेता की पहचान करने के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद चाय विक्रेता फरार

सरदार गंज चौकी इंचार्ज विजय कुमार शुक्ल द्वारा मौलागंज के इस चाय विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज कराए जाने के बाद जब उसकी तलाश हुई तो मौके की नजाकत को भांप कर यह चाय विक्रेता खिसक लिया। पुलिस चाय विक्रेता की तलाश में है।

फूंक-फूंक कर कदम रख रही है पुलिस

कानपुर और प्रयागराज में हुए गदर के बाद शाहाबाद कोतवाली पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुलिस लगातार निगाहें बनाए हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक एसके मिश्र ने कहा अगर किसी ने भी सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डाल कर शांति भंग का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-लखीमपुर-खीरी: गर्भपात करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, अस्पताल सीज

संबंधित समाचार