लखीमपुर-खीरी: बदमाशों ने युवक के सिर में मारा डंडा, लूट ले गए बाइक समेत 18 हजार रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की निष्क्रियता के कारण आपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं है। रविवार की देर रात इंदिरा मनोरंजन पार्क के पास बदमाशों ने बाइक सवार के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वह बाइक समेत गिर गया। बदमाश उसे पास के खेत में ले गए और …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की निष्क्रियता के कारण आपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं है। रविवार की देर रात इंदिरा मनोरंजन पार्क के पास बदमाशों ने बाइक सवार के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वह बाइक समेत गिर गया। बदमाश उसे पास के खेत में ले गए और उसकी जेब में रखे 18 हजार रुपये व बाइक लूट ली। रस्सी से उसके हाथ पैर बांधकर खेत में डाल दिया और भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

कोतवाली धौरहरा के गांव सुजनीपुरवा निवासी शुभांशु पुत्र पीयूष कांत ने बताया कि वह रविवार को अपनी बाइक से लखीमपुर आया था। काम निपटाने में उसे शहर में काफी समय लग गया। देर रात वह बाइक से अपने घर जा रहा था। रात करीब दस बजे महेवागंज के आगे इंदिरा मनोरंजन पार्क के पास एक ही बाइक पर सवार चार बदमाश सामने से आ गए। बाइक चला रहे बदमाश ने उसके पास आकर बाइक की गति धीमी की।

वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बाइक पर सवार दूसरे बदमाश ने उसके सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वह बाइक समेत लड़खड़ाकर गिर गया। इसके बाद तीन बदमाश उसे पकड़ कर खेतों की तरफ ले गए और उसे रस्सी से बांध दिया। एक बदमाश सड़क पर ही खड़ा रहा। तीनों बदमाशों ने उसके पास से मोबाइल व 18 हजार रुपये लूट लिए और खेत में बंधा छोड़कर उसकी बाइक समेत बदमाश भाग निकले।

वह पूरी रात खेत में बंधा पड़ा रहा। सुबह किसी तरह से धन मुक्त हुआ और कोतवाली सदर पहुंचा। उसने पुलिस को तहरीर देकर पूरी घटना बताई। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम को कोतवाली बुलाया गया। टीम के साथ कोतवाली पुलिस पीड़ित को लेकर घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया।

प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि लूटपाट की घटना पूरी तरह से झूठी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक जहां से 18000 रुपए लेने की बात कह रहा है। वहां से सिर्फ वह 1000 हजार रुपए उधार लाया था। उसकी बाइक और मोबाइल भी बरामद हो गया है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।

न रिपोर्ट दर्ज की न घायल का कराया मेडिकल
पुलिस इन दिनों कार्रवाई करने और घटना का खुलासा कर बदमाशों को पकड़ने की बजाय घटनाअ ों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है। ऐसा ही कुछ धौरहरा के युवक के साथ हुई लूटपाट के मामले में सामने आया है। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने न तो उसकी रिपोर्ट दर्ज की और न ही उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। पूरी घटना को पूरी तरह से झूठी बताते हुए इस पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है।

इसे भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: 16 लाख की नगदी सहित सोने चांदी के आभूषण चोरी

संबंधित समाचार