मुगलपुरा कांड : जामा मस्जिद चौराहे पर हंगामे के मामले में अब तक 40 गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। जुमे की नमाज बाद जामा मस्जिद चौराहे पर बवाल काटने के पांच और आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की कुल तादाद अब 40 हो गई है। शेष 50 आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। भाजपा की पूर्व नेत्री नुपूर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जुमे की नमाज बाद जामा मस्जिद चौराहे पर बवाल काटने के पांच और आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की कुल तादाद अब 40 हो गई है। शेष 50 आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
भाजपा की पूर्व नेत्री नुपूर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को नमाजियों ने मुगलपुरा के प्रिंस रोड व पीरगैब चौकी पर तीखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद से ही मुगलपुरा पुलिस बलवाइयों की तलाश में जुट गई। शुक्रवार देर रात से शुरू छापेमारी शनिवार को पूरे दिन चली। पहले दिन 25 आरोपी जेल भेजे गए। दूसरे दिन रविवार को 10 बलवाइयों को सलाखों के पीछे भेजा गया।
रविवार देर रात व सोमवार को पूरे दिन छापेमारी का दौर जारी रहा। सोमवार को पांच अन्य आरोपियों को दबोचने में पुलिस को सफलता मिली। इसमें एक पोर्टल चलाने वाला युवक भी शामिल है। उसके खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में गलशहीद थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। सीओ कोतवाली महेश चंद्र गौतम ने बताया कि पांच आरोपी सोमवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में लोकल पोर्टर संचालक फैजान कुरैशी, सरफराज, जुहैब, तौसीफ और लईक अहमद उर्फ कल्लन का नाम शामिल है।
डीआईजी से निर्दोषों पर कार्रवाई न करने की गुहार
सोमवार को सुन्नी और देवबंदी मसलक के लोगों ने डीआईजी से मुलाकात की। शहर इमाम की अगुवाई में हुई इस मुलाकात में उन्होंने डीआईजी से निर्दोषों की गिरफ्तारी नहीं करने की गुहार लगाई। अब अज्ञात में दर्ज लोगों के नाम पर गिरफ्तारी बंद करने की मांग भी की। शहर इमाम सैयद मासूम अली के नेतृत्व में नायब इमाम मुफ्ती सैयद फाहद, जमीयत उलेमा हिंद के सचिव मो. मुजम्मिल, अध्यक्ष हाफिज आलम, मुफ्ती दानिश कादरी, सज्जादानशीन नईम चिश्ती, अजीम मियां आदि ने सोमवार को डीआईजी शलभ माथुर से उनके कार्याालय में मुलाकात की।
ये भी पढ़ें:- UP Violence: एक्शन में योगी सरकार, पुलिस ने अब तक 333 उपद्रवियों को किया गिरफ्तार
