पीलीभीत: सहेली से मिलने जा रही छात्रा से छेड़छाड़, सरेराह पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पुलिस मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने और शोहदों पर शिकंजा कसने का दावा कर रही है। वहीं, सड़कों पर शोहदे बेफ्रिक वारदात को अंजाम देने में जुटे हैं। पुलिस बंदोबस्त की कलई खोलने की एक वारदात कोतवाली क्षेत्र से सामने आई। जहां सहेली से मिलने जा रही …

पीलीभीत, अमृत विचार। पुलिस मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने और शोहदों पर शिकंजा कसने का दावा कर रही है। वहीं, सड़कों पर शोहदे बेफ्रिक वारदात को अंजाम देने में जुटे हैं। पुलिस बंदोबस्त की कलई खोलने की एक वारदात कोतवाली क्षेत्र से सामने आई।

जहां सहेली से मिलने जा रही छात्रा को रास्ते में रोक दिनदहाड़े शोहदों ने पकड़ लिया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उसकी सरेराह पिटाई कर दी गई। छात्रा से मारपीट होता देख मोहल्ले के तमाम लोग जमा हुए तो शोहदे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। छात्रा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सका।
प्रदेश सरकार द्वारा छात्राओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो का गठन किया गया है। जिससे वारदातों पर अंकुश लग सके।

टीम का गठन होने के बाद कुछ महीनों तक स्कूलों व कॉलेजों में टीम तैनात देखी गई। लेकिन अब एंटी रोमियो की टीम कॉलेज व स्कूलों के आसपास मौजूद नहीं रहती है। इससे शोहदे छात्राओं पर आए दिन रास्ते में फब्तियां कसते नजर आते हैं। घुंघचाई चौकी क्षेत्र की एक छात्रा पूरनपुर नगर के कॉलेज में पढ़ती है। सोमवार को छात्रा एनसीसी कैडेट की ड्रेस लेने अपनी सहेली के घर पकड़िया चौराहे से होते हुए लाइनपार गौटिया जा रही थी।

कालेज से ही दो शोहदों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जब वह लाइनपार इलाके में पहुंची तो दोनों शोहदों ने उसे पकड़कर छेड़खानी शुरू कर दी। छात्रा के विरोध करने पर गाली गलौज कर सरेराह पीटने लगे। पीड़िता के शोर-शराबा करने पर लोग जमा हुए तो दोनों शोहदे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। घटना को लेकर हड़कंप मच गया।

घर पहुंचकर छात्रा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों को दी तो वह भी घबरा गए। परिजनों के साथ युवती ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर पुलिस को दी। मगर, उसके बाद भी पुलिस हरकत में नहीं आई। घंटों बाद भी पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। छात्रा के साथ हुई इस हरकत को लेकर अभिभावकों में खासा रोष दिखा। परिजनों ने बताया कि इससे पहले भी नगर के कई छात्राओं के साथ ऐसी वारदातें हो चुकी हैं। उसके बावजूद पुलिस कोई कार्यवाही नहीं कर रही है।

मामले की तहरीर मिलने पर जांच करा रहे हैं। पुलिस को मौके पर छानबीन के लिए भेजा गया है। जांच में मामला सही पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। छात्राओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो की टीम लगातार सक्रिय रहती है। छात्राओं को परेशान करने वाले शोहदों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा— – अशोक पाल, कोतवाल, पूरनपुर।

इसे भी पढ़ें-पीलीभीत: रैंडम सैंपलिंग में तीन और मिले कोरोना पॉजिटिव

संबंधित समाचार