बदायूं: स्नान करके लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रॉली में डीसीएम ने मारी टक्कर, 6 की मौत, 22 घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास कछला से गंगा स्नान करके लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रॉली में अनियंत्रित डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसा इतनी रफ्तार से हुआ कि ट्राली पलट गई। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 श्रद्धालु घायल हो …

बदायूं, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास कछला से गंगा स्नान करके लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रॉली में अनियंत्रित डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसा इतनी रफ्तार से हुआ कि ट्राली पलट गई। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 श्रद्धालु घायल हो गए।

ट्रॉली को टक्कर मारकर डीसीएम भी पलट गई। मौका डीसीएम चालक और क्लीनर फरार हो गए। हादसे की सूचना पर एसएसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस डीसीएम चालक की तलाश कर रही है।

मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव अहोरामई निवासी भोजराज पुत्र लेखराज के यहां भागवत कथा थी। हवन-पूजन की सामग्री को कछला गंगा में विसर्जन करना था, इसलिए ज्येष्ठ पूर्णिमा के मौके पर भोजराज के परिवारीजन कुछ रिश्तेदारों के साथ कछला गंगा घाट को रवाना हुए। यहां पर हवन सामग्री विसर्जन करने के बाद सभी ने गंगा स्नान किया। गंगा स्नान करने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस अपने गांव जा रहे थे।

इसी दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास पीछे की ओर से आ रही डीसीएम ने विपरीत दिशा से ओवरटेक करते हुए पहले ट्रॉली फिर ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसा इतनी रफ्तार से हुआ कि ट्र्राली पलटकर दूसरी दिशा में मुड़ गई। हादसे में ट्राली सवार गांव अहोरामई निवासी 35 वर्षीय पूनम देवी पत्नी सुधीर, ब्रह्मसिंह के 10 वर्षीय पुत्र सहदेव, 50 वर्षीय सुषमा देवी पत्नी लेखराज, महेंद्र की 20 वर्षीय पुत्री संगीता, थाना मूसाझाग के गांव नवाब नगला निवासी अनीता पत्नी वीरपाल, हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव वमनपुरा निवासी 60 वर्षीय मीरा पत्नी गिरीश की मौके पर ही मौत हो गई।

जबकि बच्चों समेत 22 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए। कुछ ही देर में कई थानों का पुलिस फोर्स लेकर एसएसपी और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

डीसीएम की टक्कर से ट्राली में सवार महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हुई है। जबकि 22 लोग घायल हो गए। घायलों का राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया जा रहा है। डीसीएम चालक की तलाश की जा रही है—- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी।

संबंधित समाचार