बरेली: 24 घंटे की बिजली कटौती से गर्मी में उपभोक्ता बेहाल
अमृत विचार, बरेली। शहर से लेकर देहात तक बिजली कटौती का संकट बढ़ता जा रहा है। हर रोज हो रही बिजली की कटौती से लोग बेहाल हो गए हैं। सोमवार की सुबह से लेकर मंगलवार सुबह तक सीबीगंज इलाके के बंडिया, खना गौटिया, तिलियापुर, बादसाहनगर, धंतिया, ट्यूलिया समेत दर्जनों गांव में हुई भयंकर बिजली कटौती …
अमृत विचार, बरेली। शहर से लेकर देहात तक बिजली कटौती का संकट बढ़ता जा रहा है। हर रोज हो रही बिजली की कटौती से लोग बेहाल हो गए हैं। सोमवार की सुबह से लेकर मंगलवार सुबह तक सीबीगंज इलाके के बंडिया, खना गौटिया, तिलियापुर, बादसाहनगर, धंतिया, ट्यूलिया समेत दर्जनों गांव में हुई भयंकर बिजली कटौती से लोग गर्मी में बेहाल हो गए।
लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर भी डाउन हो गए। जेई को जब फोन किया गया तो कॉल ही नहीं उठाई गई। उसके बाद सीएम ऑफिस से लेकर ऊर्जा मंत्री ओर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को ट्वीट किया गया। तब कहीं जाकर बिजली सप्लाई शुरू हो सकी। उसके बाद दोपहर में बिजली फिर से गुल हो गई। जो कि देर शाम तक नहीं आई।
शहर में कहीं ट्रांसफार्मर जल रहा है तो कहीं तार व केबिलों में आग लग रही है। उपकेंद्र भी बिजली की बढ़ती खपत नहीं झेल पा रहे हैं। बदायूं रोड से जुड़े इलाकों में सोमवार की रात बिजली नहीं मिलने से लोग गर्मी में बेहाल हो गए। करीब 12 घंटे की बिजली कटौती से सुबह के समय उपभोक्ता पानी के लिए भी तरस गए। उपभोक्ताओं ने बताया कि जब उन्होंने अधिकारियों और उपकेंद्रों पर फोन किया तो घंटी जाती रही। किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।
बिजली के इंतजार में उन्हें रात घरों के बाहर और छतों पर घूम कर बितानी पड़ी। इसके अलावा किला, सुभाषनगर, मढ़ीनाथ, कुतुबखाना और कोहाड़पीर समेत महानगर पुराना शहर हरुनलगा इलाके में भी तीन से चार घंटे की बिजली कटौती की गई। अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि ऊपर से ही बिजली कटौती की जा रही है। वहीं फाल्ट होने से भी बिजली गुल हो जा रही है। उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- बरेली: गंगा नहाने के दौरान हरदोई के दो लोगों की मौत
