उन्नाव: अपना पेट काटकर बच्चों को अवश्य पढ़ाये – स्वतंत्र देव सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार,उन्नाव। क्षेत्र के ग्राम ततियापुर में आयोजित कल्याणी नदी पुनरुद्धार भूमि पूजन समारोह में प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पांडाल में उपस्थित जनता से कहा कि मोदी और योगी को कभी मत छोड़ना। ऐसे त्यागी और तपस्वी नेता धरती पर मुश्किल से पैदा होते हैं। भूमि पूजन समारोह में जल …

अमृत विचार,उन्नाव। क्षेत्र के ग्राम ततियापुर में आयोजित कल्याणी नदी पुनरुद्धार भूमि पूजन समारोह में प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पांडाल में उपस्थित जनता से कहा कि मोदी और योगी को कभी मत छोड़ना। ऐसे त्यागी और तपस्वी नेता धरती पर मुश्किल से पैदा होते हैं।

भूमि पूजन समारोह में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अन्य दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जाति संगठन तथा नेहरू-गांधी परिवार में पैदा व्यक्ति आम जनता की चिंता कतई नहीं कर सकता। जबकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने परिवार की चिंता कतई नहीं है।

वे एक सेवक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं और उन्हें गांव की गरीबी का एहसास है। उन्होंने कहा कि आम जनता को मूलभूत सुविधाएं चाहिए। इसके लिए केंद्र और प्रदेश सरकार का दृढ़ संकल्प है कि वर्ष 2024 तक सभी को शुद्ध पेयजल मुहैया करा देना है। पानी के संरक्षण हेतु गांव गांव अमृत सरोवर का निर्माण कराया जा रहा है और वृक्षारोपण का कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है।

जल शक्ति मंत्री श्री सिंह उपदेशक की भूमिका में भी नजर आए। उन्होंने कहा कि सभी लोग 5 मंत्र अवश्य याद रखना।वह यह कि अपना पेट काटकर बच्चों को अवश्य पढ़ाये। घर पहुंचने पर अपने माता-पिता की सेवा अवश्य करें। शाम को मादक पदार्थों का सेवन कर अपने घर कतई न पहुंचें। चबूतरा व नाली आदि के बाबत आपस में झगड़ा कतई न करें।

उन्होंने यह भी कहा कि पत्नी और पुत्री पर हाथ कभी मत उठाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के बीते 8 वर्षों के राज में कोई भी व्यक्ति अथवा परिवार भूखा प्यासा नहीं मरा है और किसानों तथा मेहनतकश मजदूरों की खुशहाली में अप्रत्याशित इजाफा हुआ है।

संबोधन के बाद उन्होंने कल्याणी नदी की तलहटी में पहुंचकर भूमि पूजन किया। ग्राम कांथा निवासी विद्वान आचार्य पंडित गणेश तिवारी ने वेद मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कराया। बाद में मंत्री श्री सिंह ने फावड़ा चला कर कल्याणी पुनरुद्धार कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत कटियार, पंचायत क्षेत्र विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, शशांक शेखर सिंह सनी, अर्जुन लाल दिवाकर, चेयरमैन इजहार खां गुड्डू व रामनरेश कुशवाहा, बाला राव गुप्ता, पुनीत गुप्ता,संदीप बाजपेई ,विकास गुप्ता नीरज गुप्ता , रावेंद्र सिंह , रणंजय प्रताप सिंह मोनू , मसरूर अहमद ,

अंसार व राजीव कुमार डब्बू आदि के अलावा जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी दिव्यांशु पटेल, पुलिस अधीक्षक दिनेश त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी अभिनव सरोज, एसडीएम अंकित शुक्ला, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीपक यादव, अधिशासी अभियंता नलकूप खंड संतलाल प्रसाद, सहायक अभियंता रामनरेश गौतम, सुशील कुमार, मोहम्मद सईद अंसारी तथा अवर अभियंता मौजूद रहे।

पढ़ें-अग्निपथ योजना युवाओं के लिए स्वर्णिम अवसर: स्वतंत्र देव सिंह

संबंधित समाचार