बरेली: नवजात को फेंकने वाली महिला सीसीटीवी कैमरे में कैद

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। नवजात को बोरे में लपेटकर फेंकने वाली महिला की पहचान हो गई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे तो फुटेज में महिला बच्चे को झाड़ियों में फेंकते दिखी। पुलिस ने पूछताछ कर महिला को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। इस दौरान महिला ने अपनी गलती को स्वीकार किया। …

अमृत विचार, बरेली। नवजात को बोरे में लपेटकर फेंकने वाली महिला की पहचान हो गई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे तो फुटेज में महिला बच्चे को झाड़ियों में फेंकते दिखी। पुलिस ने पूछताछ कर महिला को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। इस दौरान महिला ने अपनी गलती को स्वीकार किया। जांच में पता चला कि बच्चा महिला की बेटी का था। युवती के बहनोई के भाई से प्रेम संबंध थे। इस बीच वह गर्भवती हो गई। लोकलाज के कारण युवती की मां ने उसके बच्चे को फेंका था। फिलहाल, मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।

इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में शनिवार को आबादी के समीप नवजात को झाड़ियों में फेंक दिया गया था। वह बोरे में लिपटा था। उसके रोने की आवाज सुनकर गांव की एक महिला वहां पहुंची। उसने बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर मंगलवार को चाइल्ड लाइन टीम ने बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की जानकारी होने पर इज्जतनगर पुलिस जांच में जुट गई। जहां बच्चा फेंका गया था, वहां आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे थे। फुटेज देखने के बाद मामले का खुलासा हुआ।

बिन ब्याही मां ने दिया था नवजात को जन्म
रहपुरा क्षेत्र की एक बिन ब्याही मां का यह बच्चा है। जांच में पता चला कि युवती बड़ी बहन के घर पर रहने के लिए गई थी। इस दौरान उसके बहन के देवर से प्रेम संबंध हो गए। इसके बाद वह गर्भवती हो गई। शनिवार को उसने बेटे को जन्म दिया। लोकलाज के कारण उसकी मां ने बच्चे को फेंक दिया।

युवती की प्रेमी से कराई शादी
पुलिस ने बच्चे को जन्म देने वाली युवती की मां को बुधवार को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। युवती की मां ने पूरे मामले की जानकारी दी। इसके साथ ही बताया कि उसने बड़ी बेटी के देवर से छोटी बेटी की शादी करा दी है। बताते हैं कि दोनों की शादी बीते दिन करा दी गई। फिलहाल, परिवार बच्चे को अपनाने के लिए तैयार है, लेकिन बाल कल्याण समिति की टीम ने बच्चा उनका है, इसके लिए सबूत मांगे हैं। अब वह सबूत देंगी तो नियमानुसार बच्चा उन्हें दे दिया जाएगा।

बच्चे की हालत बिगड़ी, मेडिकल कॉलेज रेफर
बच्चे को जब बोरी में बंद करके फेंका गया तो उसके जिस्म को चींटियों ने नोचकर घायल कर दिया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन बुधवार को हालत बिगड़ने पर उसे भोजीपुरा स्थित एक मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।

दिनेश चंद्र, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष-
नवजात को फेंकने वाली महिला को पुलिस ने बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया था। महिला ने बताया कि वह बच्चे की नानी है। महिला के अनुसार उसने छोटी बेटी की शादी बड़ी बेटी के देवर से करा दी है। यह बच्चा उनका है, इस संबंध में साक्ष्य मांगे गए हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: मदरसा मंज़र-ए-इस्लाम में छात्रों को राष्ट्रवाद की शिक्षा देने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन

 

संबंधित समाचार