बरेली: मामूली विवाद को बना दिया लव जेहाद, रिपोर्ट
अमृत विचार नवाबगंज/बरेली। मामूली विवाद को भाजपाइयों द्वारा लव जेहाद का नाम देकर हंगामा करने के मामले में बुधवार को पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार रात तक इस प्रकरण में हंगामा चला था। भाजपा कार्यकर्ता हरीश कुमार का आरोप है कि मंगलवार को वह …
अमृत विचार नवाबगंज/बरेली। मामूली विवाद को भाजपाइयों द्वारा लव जेहाद का नाम देकर हंगामा करने के मामले में बुधवार को पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार रात तक इस प्रकरण में हंगामा चला था। भाजपा कार्यकर्ता हरीश कुमार का आरोप है कि मंगलवार को वह साथी तुलाराम, सर्वेश कुमार व भानु गंगवार के साथ गन्ना सोसायटी कार्यालय के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे।
इसी बीच उन्होंने देखा कि एक चालक टेंपो में दूसरे धर्म की दो लड़कियों को अगली सीट पर बिठाकर ले जा रहा है, जबकि टेंपो में कोई और सवारी नहीं थी। आरोप है कि टेंपो चालक ने उनमें से एक लड़की के गले में हाथ डालकर रखा था, जबकि दूसरे हाथ से स्टेरिंग पकड़े था। इस पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने टेंपो को रोकने के लिए आवाज दी। जिस पर चालक तेज गति से टेंपो लेकर भागने लगा। बाद में उसने रिछोला पुलिस चौकी के पास जाकर टेंपो रोक दिया। उसके पीछे वह सभी वहां पहुंच गए।
आरोप है ऑटो चालक ने रिछोला गांव के रियाजुद्दीन उर्फ गुड्डू को बुला लिया। इसी बीच वहां रिछोला गांव के दूसरे समुदाय के लोग बड़ी संख्या में आ गए। आरोप है कि जिन्होंने टेंपो चालक को मौके से भगा दिया। इसी दौरान लड़कियां भी वहां से चली गईं। आरोप है कि वहां मौजूद भीड़ ने जान से मारने की धमकी देकर पीछा करने वाले लोगों के साथ मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला किया।
हरीश गंगवार की ओर से रियाजुद्दीन उर्फ गुड्डू समेत 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, इस मामले में रियाज अहमद उर्फ गुड्डू की ओर से भी भाजपा कार्यकर्ता तेजपाल, सर्वेश, भानू गंगवार, हरीश गंगवार, कमल किशोर शर्मा समेत 6-7 अज्ञात लोगों पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उसका कहना है कि वह मीडियाकर्मी है। उन्होंने वीडियो बनानी चाही तो तेजपाल व उनके साथियों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी-
मामूली विवाद में दो समुदाय के लोगों में मारपीट हो गई थी। लव जेहाद जैसी कोई बात नहीं थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पैनी नजर सामाजिक संस्था ने की निंदा
पत्रकार के साथ मारपीट की घटना का संज्ञान लेते हुए पैनी नजर सामाजिक संस्था ने बुधवार को अपने कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता की और घटना की घोर निंदा की। संस्था अध्यक्ष सुनीता गंगवार ने कहा की ये घटना भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा अंजाम दी गई है। शायद सत्ता पक्ष अपनी दबंगई के आधार पर नवाबगंज में अपनी दबंगई का सिक्का जमाना चाहते है। उनका कहना था कि नवाबगंज क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम सौहार्द को खत्म करने का षड्यंत्र किया जा रहा है।
