मुरादाबाद : शहर में ट्रैफिक सुधार को पंद्रह दिन की दरकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। नियोजित वाहनों के जाम से राहत के दिन नजदीक हैं। शहर में पिक एंड ड्रॉप सेवा के आधार पर वाहनों को खड़ा होने दिया जाएगा। इसके लिए नगर निगम चयनित स्थानों पर बोर्ड लगाएगा। जबकि, यातायात पुलिस को नई कसौटी पर अपनी ड्यूटी देनी होगी। शहर में यातायात सुधार और अतिक्रमण के हालातों …

मुरादाबाद,अमृत विचार। नियोजित वाहनों के जाम से राहत के दिन नजदीक हैं। शहर में पिक एंड ड्रॉप सेवा के आधार पर वाहनों को खड़ा होने दिया जाएगा। इसके लिए नगर निगम चयनित स्थानों पर बोर्ड लगाएगा। जबकि, यातायात पुलिस को नई कसौटी पर अपनी ड्यूटी देनी होगी। शहर में यातायात सुधार और अतिक्रमण के हालातों में सुधार के लिए यह पहल की जा रही है।

दैनिक समाचार पत्र अमृत विचार के अभियानों ने भी नगर निगम और यातायात पुलिस को इस समस्या से निपटने में ताकत दी है, जिसके तहत सड़क पर की पटरियों को अतिक्रमण मुक्त का अभियान तेज हुआ है। अगर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर डालें तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आते हैं। नगर निगम के सर्वे में यह माना गया है कि शहर में औसतन 2.40 लाख वाहनों का हर दिन आना-जाना होता है। इनके व्यवस्थित संचालन के लिए यातायात पुलिस ने 10 प्रमुख चौराहों का चिह्नांकन किया है, जहां यातायात पुलिस की ड्यूटी लगती है। वैसे तो पुलिस के जवानों का प्रबंधन जिला स्तर पर होना है।

शहर में सुगम यातायात के लिए 52 कॉन्स्टेबल उपलब्ध हैं, जबकि जरूरत 96 की है। पुलिस विभाग ने करीब 200 होमगार्ड के जवानों को अपने साथ ही लिया है, जिस आधार पर प्रमुख चौराहों पर टीम तैनात रहती है। औसतन छह से सात कर्मचारी एक स्थान पर तैनात किए गए हैं। उधर, अतिक्रमण हटाओ अभियान और ट्रैफिक सुधार ऐलान का असर दिखना शुरू हो गया है। निगम की टीम ने मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाना तेज कर दिया है। सच तो यह है कि शहर में एक भी अस्थाई स्टैंड नहीं है। नगर निगम ने इस हालात का अध्ययन करने के बाद यातायात पुलिस के साथ मिलकर 16 स्थानों का चिह्नांकन किया है, जिन्हें भविष्य में स्टैंड के रूप में व्यवस्थित किया जाएगा।

चार जगहों पर लगेगा पिक एंड ड्रॉप का बोर्ड
नगर निगम और राजस्व विभाग की पैमाइश के आधार पर चार स्थान चयनित हुए हैं, जहां पिक-एंड-ड्रॉप का बोर्ड नगर निगम लगाएगा। यानी कि यहां व्यवस्थित तरीके से टैक्सी गाड़ियां खड़ी होंगी। सूत्रों का कहना है कि शहर में पार्किंग निर्माण के लिए नगर निगम को जमीन की कमी से जूझना पड़ा है। विभाग ने जहां-जहां स्टैंड की जमीन का चिह्नांकन किया है, वह जमीन लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, मंडी समिति सहित अन्य विभागों के अधीन है। ऐसे में विभागीय अनापत्ति मिलने के बाद ही यहां स्टैंड व्यवस्थित हो सकेगा। मेयर विनोद अग्रवाल कहते हैं कि 15 दिनों में शहरी यातायात का नया लुक सामने आएगा।

10 प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस तैनात
एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार सिंह की मानें तो सर्वे के आधार पर अधिक वाहनों के दबाव वाले 10 प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस तैनात की गई है। यह जरूर है कि विभिन्न तिथियों में आयोजित होने वाली परीक्षाएं यहां यातायात पुलिस की परीक्षा लेती रहती हैं। वह कहते हैं कि 15 दिन में यातायात सुधार की झलक दिख जाएगी। पिक एंड ड्रॉप के बोर्ड वाले स्थान के अलावा सड़क की पटरियों पर तीन पहिया और सवारी गाड़ियों को खड़ा होने और सवारी भरने की सहूलियत दी जाएगी। बहुत जल्दी शहर के ट्रैफिक प्रबंधन में आमूल-चूल बदलाव दिखेगा।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : आज से खुलेंगे स्कूल, शिक्षकों की कमी बरकरार

संबंधित समाचार