अमरोहा : करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत, मचा कोहराम
डिडौली (अमरोहा), अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव नर्थों में बिजली बिल ना जमा करने के आरोप में नलकूप का विद्युत कनेक्शन काट रहे लाइनमैन को बिजली ने पकड़ लिया। करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वहां हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग …
डिडौली (अमरोहा), अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव नर्थों में बिजली बिल ना जमा करने के आरोप में नलकूप का विद्युत कनेक्शन काट रहे लाइनमैन को बिजली ने पकड़ लिया। करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वहां हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के एसडीओ व डिडौली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। उधर लाइनमैन की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विद्युत विभाग बिजली के बकायेदारों से बकाया राशि जमा करवाने के लिए अभियान चला रहा है। नोटिस देने के बाद भी बिल जमा नहीं करने पर उसका विद्युत कनेक्शन काटा जा रहा है। इसी के चलते गुरुवार को मढैया बिजली घर से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कनेक्शन काटने के लिए जेई श्रवण कुमार टीम को लेकर नर्थों के जंगल में पलोला गांव निवासी बाबू के खेत पर लगे नलकूप का कनेक्शन काटने गए थे। लाइन काटने से पहले नो बजे बिजली घर में तैनात एसएसओ ऋषिपाल से शटडाउन लिया गया था। जिसके बाद लाइनमैन अंकू पुत्र हुकम सिंह निवासी गांव भीखनपुर मुढा खंभे पर चढ़ा और लाइन काटने लगा। लेकिन इसी दौरान विद्युत लाइन में करंट दौड़ आया और करंट की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बिजली विभाग के अधिकारी, सदर एसडीएम विजय शंकर और डिडौली थाना प्रभारी सुनील कुमार मलिक मौके पर पहुंचे और लाइनमैन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। उधर सूचना मिलते ही मृतक लाइनमैन के परिजन भी मौके पर आ गए। जहां उनका रो रो कर बुरा हाल है। सदर एसडीएम विजय शंकर ने बताया कि करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत हो गई है शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है परिजनों को आर्थिक मदद शासन द्वारा दिलवाई जाएगी।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ किया प्रदर्शन, दी चेतावनी
