मुरादाबाद : जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन अलर्ट, ड्रोन से होगी अराजक तत्वों की निगरानी
मुरादाबाद,अमृत विचार। जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण कराने की कवायद में प्रशासनिक अमले ने कमर कस ली है। अराजक तत्वों पर नकेल कसने के लिए जहां ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल हो रहा है, वहीं शांति व्यवस्था बरकरार रखने के प्रयास में शांति समितियों की बैठकें हो रही हैं। प्रशासन व पुलिस के उच्चाधिकारी लगातार धर्मगुरुओं …
मुरादाबाद,अमृत विचार। जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण कराने की कवायद में प्रशासनिक अमले ने कमर कस ली है। अराजक तत्वों पर नकेल कसने के लिए जहां ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल हो रहा है, वहीं शांति व्यवस्था बरकरार रखने के प्रयास में शांति समितियों की बैठकें हो रही हैं। प्रशासन व पुलिस के उच्चाधिकारी लगातार धर्मगुरुओं के संपर्क में हैं। अनहोनी के हालात से निपटने के लिए पैरामिलिट्री फोर्स व पीएसी के जवान संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर रहे हैं।
10 जून को मुगलपुरा में जुमे की नमाज बाद हंगामे से प्रशासन की पहले ही किरकिरी हो चुकी है। हालांकि अचानक आसन्न संकट से निपटने में प्रशासन व पुलिस ने तेजी दिखाई। जानबूझ कर हंगामा व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने के 90 आरोपियों पर अभियोग पंजीकृत करते हुए मुगलपुरा पुलिस ने 25 आरोपियों को पहले दिन ही गिरफ्तार कर लिया। अफरातफरी के माहौल के बीच 40 बवालियों को जेल भेजा जा चुका है। घटना की तह तक जाने पर पुलिस को पता चला कि जुमे की नमाज बाद हंगामा पूरी तरह प्रयोजित थी। हंगामा खड़ा करने वालों में मुगलपुरा थाना क्षेत्र के बाहर के लोग भी थे। सीसीटीवी व वीडियो फुटेज की मदद से पुलिस 50 अज्ञात आरोपियों को बेनकाब करने में जुटी है। इस घटना के बाद पुलिस ऐसी कोई चूक करने को तैयार नहीं, जिसका लाभ अराजक तत्व महानगर का माहौल विषाक्त बनाएं।
गुरुवार को डीआईजी शलभ माथुर व एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने आरएएफ व पीएसी बल के साथ संवेदनशील स्थानों का भ्रमण किया। पैदल गश्त पर निकले एसएसपी हेमंत कुटियाल आम लोगों से शांति व्यवस्था बहाल रखने की अपील की। क्षेत्र की मस्जिदों में ही नमाज अदा करने पर बल दिया गया। जन चौपाल के माध्यम से संवाद कायम करने का पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। स्थानीय मुखबिरों की मदद से अराजक तत्वों पर पुलिस नजर रख रही है।
मीडिया से मांगा सहयोग
कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार शाम मीडियाकर्मियों से मुखातिब एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा व एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने हालात की संवेदनशीलता बताते हुए मीडिया से मदद मांगा। जुमे की नमाज को शांति पूर्वक संपन्न कराने की प्रशासनिक तैयारियों को साझा करते उच्चाधिकारियों ने कहा कि सूचना प्रसारित करने से पूर्व संबंधित अधिकारी से पुष्टि करें।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद पुलिस के हत्थे चढ़ा एक लाख का इनामी फहीम एटीएम, मुठभेड़ में हुआ घायल
