बरेली: हाईस्कूल में ठेले वाले के बेटे ने जिले में पाया प्रथम स्थान
बरेली, अमृत विचार। होनहार बिरवान के होत चिकने पात। इसका अर्थ है कि होनहार बालक की छवि कम उम्र में ही दिखने लगती है। वह अपने लगन व मेहनत से सभी विषम परिस्थितियों को अपने अनुकूल बना लेता है। जिले में प्रथम स्थान पाने वाला रोहित प्रजापति ऐसा ही एक होनहार छात्र है। शहर के जयनारायण …
बरेली, अमृत विचार। होनहार बिरवान के होत चिकने पात। इसका अर्थ है कि होनहार बालक की छवि कम उम्र में ही दिखने लगती है। वह अपने लगन व मेहनत से सभी विषम परिस्थितियों को अपने अनुकूल बना लेता है। जिले में प्रथम स्थान पाने वाला रोहित प्रजापति ऐसा ही एक होनहार छात्र है। शहर के जयनारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पढ़ाई करने वाले रोहित ने यूपी बोर्ड की 10 वीं की परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान पाकर नाम रौशन किया है।
गरीबी में रहने के बावजूद भी रोहित ने 572 अंक लाकर दूसरे छात्रों के लिए प्रेरणा देने का काम किया है। रोहित अपने परिवार के साथ जोगी नवादा में किराए के मकान पर रहता है। उसके पिता बबलू प्रजापति सड़क किनारे ठेला लगाकर फल बेचते हैं और उसकी माता गृहणी हैं। वह दो भाईयों में बड़ा है। रोहित ने बताया कि वह परीक्षा में अच्छे अंक पाने के लिए 5 से 6 घंटे तक पढ़ाई करता था। उसका सपना कंप्यूटर इंजीनियर बनने का है। इसके लिए वह इंजीनियरिंग की परीक्षा के लिए 7-8 घंटे तैयारी कर रहा है।
रोहित की इस उपलब्धि पर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रवि शरण सिंह चौहान के साथ ही सभी शिक्षक बेहद खुश नजर आए। वहीं रोहित के माता-पिता फूले नहीं समा रहे हैं। पिता ने फोन पर बताया कि परीक्षा में उनके बेटे के प्रथम आने पर उनका सपना साकार होता दिख रहा है। बताया कि वह बेटे को पढ़ाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।
ये भी पढ़ें- बरेली: मेडिकल स्टोर से एंटीजन किट खरीद खुद जांच कर रहे मरीज, विभाग को नहीं पता
