मुरादाबाद : कोविड की काली छाया से उभरी मेधा ने खड़ा किया अंकों का पहाड़
मुरादाबाद, अमृत विचार। दो वर्षों से कोविड की काली छाया ने शिक्षा को बेपटरी कर छात्र-छात्राओं को घर में रहने को मजबूर किया था। इससे उबरकर इस वर्ष मेधावियों ने अंकों का पहाड़ खड़ा कर सफलता की इबारत लिख दी। भले इस साल जिले का परीक्षाफल छह साल के परिणाम की तुलना में शिखर पर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। दो वर्षों से कोविड की काली छाया ने शिक्षा को बेपटरी कर छात्र-छात्राओं को घर में रहने को मजबूर किया था। इससे उबरकर इस वर्ष मेधावियों ने अंकों का पहाड़ खड़ा कर सफलता की इबारत लिख दी। भले इस साल जिले का परीक्षाफल छह साल के परिणाम की तुलना में शिखर पर नहीं पहुंचा, लेकिन जिले की बेटी संस्कृति ने प्रदेश में खुद को टॉपर बनाकर श्रेष्ठता साबित कर दी।
कोविड 19 की काली छाया देश में 2020 में गहराई। मार्च में किसी तरह बोर्ड की परीक्षा निपटी तो इसके परिणाम पर इसका असर भी दिखा, लेकिन अगले वर्ष 2021 में कोविड की दूसरी लहर ने सभी को घर में कैद कर दिया। जान के खतरे को देखते हुए सरकार ने पिछले वर्ष बोर्ड की परीक्षाओं को ही रद कर छमाही परीक्षा के आधार पर अगली कक्षा में प्रोमोट कर दिया था। शैक्षणिक सत्र 2021-22 की शुरुआत में भी कोविड का डंक गहराने की आशंका बढ़ी, लेकिन टीकाकरण के दम पर यह टला तो परीक्षार्थियों को अपनी मेधा दिखाने का अवसर मिला।
मेधावियों की बढ़ी सूची
यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं ने मेहनत से परीक्षा दी और अन्य जिलों के लाखों परीक्षार्थियों के बीच मुरादाबाद की मेधा भी उभरी। मेधावियों ने अंकों का ऐसा पहाड़ खड़ा किया कि संस्कृति ठाकुर ने हाईस्कूल में प्रदेश में लड़कियों के वर्ग में टॉप कर श्रेष्ठता साबित करते हुए आधी आबादी का दम दिखाया। इंटर की परीक्षा में जिले के ही दो छात्रों जतिन राज और संदीप तिवारी ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में पांचवीं और 10वीं रैंक लाकर जिले का डंका बजाया। अन्य मेधावियों ने भी अंकों का पहाड़ खड़ा कर कोविड के डर को खत्म कर दिखाया।
छह साल में दूसरी बार सबसे बेहतर रिजल्ट
पांच वर्ष के परिणाम पर नजर डालें तो हाईस्कूल में 2016 में जहां 90.16 प्रतिशत छात्रों ने सफलता हासिल किया था। वहीं, इस वर्ष 89.55 फीसदी छात्र परीक्षा में पास होने में कामयाब हुए। इंटर में 2016 में 92.33 प्रतिशत छात्र पास हुए तो इस वर्ष 88.13 फीसदी ने परीक्षा उत्तीर्ण कर छह साल में अब तक दूसरा सबसे अधिक प्रतिशत हासिल किया। अब उम्मीद जगी है कि आगामी वर्षों में जिले की मेधा अपनी चमक और बढ़ाएगी।

बच्चों को तराशने की कला ने कॉलेज का बढ़ाया मान
मुरादाबाद। बच्चों को तराशने की कला में माहिर एमडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मदन सिंह ने मेहनत व लगन से न सिर्फ कॉलेज का नाम जिले व प्रदेश में चमकाया, बल्कि मेधावियों को प्रदेश की मेधा सूची में खड़ा कर मान बढ़ाया। कांठ के एमडी इंटर कॉलेज पट्टी मूढा जिले में अचानक सबकी निगाहों में आ गया, क्योंकि यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के घोषित परिणाम में यहां के प्रतिभावानों ने न सिर्फ जिले के टॉप-10 सूची में जगह बनाई, बल्कि प्रदेश के टॉप-10 में इंटर में जतिन राज ने पांचवीं संदीप तिवारी ने 10वीं रैंक पाकर परचम लहराया। ऐसी प्रतिभा के अचानक फलक पर आने से सभी निगाहें इस कॉलेज पर जम गई। इस कॉलेज के पांच छात्र हाईस्कूल और आठ इंटर के टॉप-10 में जगह पाने में कामयाब हुए, जिससे खुद शिक्षा विभाग के अधिकारी भी यहां के प्रधानाचार्य और शिक्षकों की तारीफ किए बिना नहीं रह पाए। कॉलेज के प्राचार्य मदन सिंह ने कहा कि छात्रों के भविष्य को बेहतर बनाना ही उनका लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के विकास में उनकी प्रतिभा को सार्थक करने लायक रखना भी उद्देश्य है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद की मेधा से प्रदेश चकाचौंध
