रुद्रपुर: विदेश भेजने के नाम पर युवक से लाखों की ठगी
रुद्रपुर, अमृत विचार। एक युवक से कनाडा भेजने के नाम पर 15.25 लाख रुपए की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। मामले में युवक के चाचा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बराड़ नगर निवासी अजमेर सिंह ने बताया कि उनके …
रुद्रपुर, अमृत विचार। एक युवक से कनाडा भेजने के नाम पर 15.25 लाख रुपए की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। मामले में युवक के चाचा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बराड़ नगर निवासी अजमेर सिंह ने बताया कि उनके दो पुत्र हैं। दोनों विदेश में नौकरी करते हैं। घर पर उनकी तबीयत खराब रहती है। जिस कारण उन्होंने अपने साथ बहेड़ी, बरेली निवासी अपने भतीजे साहब सिंह को रखा है। वर्ष 2019 में उनकी मुलाकात कताई मिल बहेड़ी, बरेली निवासी गुरविंदर सिंह से हुई।
गुरविंदर सिंह ने बताया कि वह वीजा कंसलटेंट का काम करता है और लोगों को विदेश में सेटल कराता है। उन्होंने अपने भतीजे को विदेश भेजने के बारे में उससे बात की। गुरविंदर सिंह ने भतीजे को कनाडा भेजने के लिए 15 लाख रुपये का खर्च बताया। गुरविंदर सिंह के कहने पर उन्होंने उसके रिश्तेदार जसविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह व उसकी पत्नी कंवलजीत कौर के खाते में 10.25 लाख रुपये और गुरविंदर सिंह को पांच लाख रुपये नकद दिये।
गुरविंदर सिंह ने आश्वासन दिया कि जल्दी ही उनके भतीजे को कनाडा भेज दिया जाएगा। 22 अक्टूबर 2019 को गुरविंदर सिंह ने उन्हें कनाडा का टिकट और वीजा उपलब्ध कराया। जिसे लेकर जब उनका भतीजा दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा तो पता चला कि टिकट व वीजा फर्जी हैं। उसने गुरविंदर से रुपये वापस करने को कहा तो टालमटोल करने लगे और धमकी देने लगा।
