बदायूं: पुलिस की मौजूदगी में बैंक से 8.77 लाख रुपये चोरी
अमृत विचार, बदायूं। बैंक से चोरी घटना थम नहीं रही हैं। ग्राहकों की जरा सी चूक चोरों के लिए मुफीद साबित होने लगी हैं। तकरीबन दो महीने पहले स्टेट बैंक की कृषि शाखा से किसान के रुपयों की चोरी के बाद सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में चोरी …
अमृत विचार, बदायूं। बैंक से चोरी घटना थम नहीं रही हैं। ग्राहकों की जरा सी चूक चोरों के लिए मुफीद साबित होने लगी हैं। तकरीबन दो महीने पहले स्टेट बैंक की कृषि शाखा से किसान के रुपयों की चोरी के बाद सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में चोरी हुई। चोर एक फर्म के कर्मचारी का 8.77 लाख रुपये रखा बैग लेकर भाग गए। व्यापारी संगठन के पदाधिकारियों ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त की। तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला खंडसारी निवासी विनय कुमार अग्रवाल नेहरू चौक पर प्रेमशंकर, किशन मुरानी और स्वर्ण मुदृका इंटरप्राइजेज फर्म चलाते हैं। उनका घी और चीनी के थोक का काम है। उनके बेटे आयुष अग्रवाल जिले से बाहर थे तो उन्होंने अपने फर्म के कर्मचारी मोहल्ला पटियाली सराय निवासी राहुल गुप्ता पुत्र राकेश गुप्ता को रुपये जमा करने भेजा था। विनय कुमार अग्रवाल ने कहा था कि बैंक में पहुंचने के बाद उन्हें फोन कर दें।
राहुल 10 बजकर 45 मिनट पर बैंक पहुंचकर लाइन में लग गए। फोन पर व्यापारी ने पूछा कि लाइन में आगे कितने लोग लगे हैं। राहुल ने कहा पांच-छह लोग हैं। व्यापारी ने फोन काट दिया। 11 बजकर 17 मिनट पर राहुल बैग साइड में मेज पर रखकर काउंटर पर देखने लगे थे। इसी बीच चोर उनका बैग लेकर भाग गया। राहुल ने व्यापारी को फोन करके सूचना दी।
पुलिस को सूचित किया गया। सीओ सिटी आलोक मिश्रा मौके पर पहुंचे। बैंक के साथ बाहर अन्य घर व दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कराई गई। सूचना मिलने पर व्यापारी संगठन के पदाधिकारी बैंक पहुंचे। बैंक मैनेजर से बात करके असुरक्षित होने की जानकारी दी।
कहा कि बैंक में चोरी के दौरान दो महिला पुलिसकर्मी और दो बैंक के सुरक्षा गार्ड तैनात थे। इसके बाद भी चोर रुपये का बैग लेकर भाग गया। सीसीटीवी कैमरे में दो लोगों को बैंक से भागते हुए देखा गया है। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने एसएसपी से मिलकर खुलासे की मांग की।
बैंक में चोरी के बाद सीसीटीवी फुटेज चेक की गई हैं। जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करके आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। रुपये ले जाते समय लोगों को ध्यान देना चाहिए। ज्यादा धनराशि ले जाते समय पुलिस का सहयोग लें। बैंक में भी रुपये पर ध्यान दें— डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी।
यह भी पढ़ें-बदायूं: फंदे पर मिला महिला का शव, पांच पर रिपोर्ट दर्ज
