बरेली: व्यापारियों का अधिकारियों पर मनमानी का आरोप, कहा- पुल बना तो होगी आर-पार की लड़ाई
बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना पुल बनाए जाने को लेकर चल रही कार्रवाई के विरोध में व्यापारी खुलकर सामने आ गए हैं। शुक्रवार को व्यापारियों ने बैठक कर अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाया। निर्णय लिया कि वे किसी भी कीमत पर पुल नहीं बनने देंगे, फिर चाहे इसके लिए उन्हें आरपार की लड़ाई क्यों न …
बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना पुल बनाए जाने को लेकर चल रही कार्रवाई के विरोध में व्यापारी खुलकर सामने आ गए हैं। शुक्रवार को व्यापारियों ने बैठक कर अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाया। निर्णय लिया कि वे किसी भी कीमत पर पुल नहीं बनने देंगे, फिर चाहे इसके लिए उन्हें आरपार की लड़ाई क्यों न लड़नी पड़े। उन्होंने कहा कि वे अपने बच्चों का भविष्य बर्बाद नहीं होने देंगे, अगर उनकी नहीं सुनी जाती है तो वे परिवार समेत आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेदारी अधिकारियों की होगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यापारी नेता संजय अग्रवाल ने कहा कि वह ऐतिहासिक बाजार के व्यापारियों का व्यापार चौपट नहीं होने देंगे। कहा कि अधिकारियों को चाहिए कि ट्रैफिक अव्यवस्थाओं को दुरुस्त कराएं। जिला अस्पताल से कुतुबखाना रोड पर सैकड़ों की संख्या में ई-रिक्शा लाइन लगाकर खड़े होते हैं, इस ओर जिम्मेदार ध्यान नहीं देते हैं। अधिकारियों की ओर से लगातार झूठे वादे किए जा रहे हैं। जन प्रतिनिधियों ने कहा था कि व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी राय ली जाएगी।
व्यापारी अगर नहीं चाहेंगे तो पुल नहीं बनेगा, लेकिन अधिकारी मनमर्जी कर रहे हैं। किसी की बात नहीं मान रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि अधिकारी व्यापारियों के साथ बैठक कर समस्या समाधान निकालें, नहीं तो उनका विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। यहां संजय अग्रवाल, इसरार हुसैन, विशाल देवल, अरविंद ठाकुर, गोपाल बत्रा, सुरेश चंद्र आर्या, यशदीप रस्तोगी, सोनू सिंह, रमेश बत्रा, रौनक, दीपक अग्रवाल, मनु देवल, अभय वैश्य, योगेंद्र कुमार, नितिन अग्रवाल, वैभव, रोहित चावला, आलोक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली: प्लास्टिक पर लगेगी लगाम, थोक विक्रेताओं के यहां छापे मारी के दिए निर्देश
