शाहजहांपुर: डीएम की चेतावनी भी बेअसर, चीनी मिलें नहीं कर रहीं किसानों का भुगतान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, शाहजहांपुर। शासन ने चीनी मिलों को 14 दिन के अंदर किसानों का गन्ना भुगतान करने का सखत निर्देश दिया है, लेकिन शाहजहांपुर में रोजा और निगोही मिलों को छोड़कर शेष तीनों मिलों पर इस आदेश का कोई असर नहीं है। बजाज गुप की मकसूदापुर चीनी मिल पर सबसे ज्यादा 1.34 अरब रुपये बाकी …

अमृत विचार, शाहजहांपुर। शासन ने चीनी मिलों को 14 दिन के अंदर किसानों का गन्ना भुगतान करने का सखत निर्देश दिया है, लेकिन शाहजहांपुर में रोजा और निगोही मिलों को छोड़कर शेष तीनों मिलों पर इस आदेश का कोई असर नहीं है। बजाज गुप की मकसूदापुर चीनी मिल पर सबसे ज्यादा 1.34 अरब रुपये बाकी हैं। किसानों का कुल गन्ना भुगतान 2 अरब 12 करोड़ 75 लाख रुपये चीनी मिलों पर बाकी है। डीएम उमेश प्रताप सिंह मिल प्रबंधकों को जेल भेजने तक की चेतावनी दे चुके हैं, लेकिन इसका भी कोई असर नहीं पड़ा।

चीनी मिलों को पेराई सत्र 2021-22 तीन महीने पहले ही खत्म हो चुका है। जिले में स्थित बिरला ग्रुप की रोजा चीनी मिल और डालमिया ग्रुप की निगोही मिल ने संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान कर दिया है, लेकिन बजाज ग्रुप की मकसूदापुर चीनी मिल और सहकारिता की पुवायां व तिलहर चीनी मिल किसानों का गन्ना भुगतान नहीं कर रही हैं। इनमें बजाज ग्रुप की मकसूदापुर चीनी मिल पर सबसे ज्यादा 1.34 अरब रुपये बकाया हैं। सहकारी क्षेत्र की तिलहर व पुवायां चीनी मिल पर किसानों के 78 करोड़ रुपये बकाया हैं।

गन्ना भुगतान न होने से किसानों को अगली फसल तैयार करने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है। वहीं बच्चों की फीस सहित अन्य खर्च के लिए भी उन्हें दूसरे का मुंह ताकना पड़ रहा है। गन्ना भुगतान को लेकर समीक्षा बैठक में डीएम उमेश प्रताप सिंह काफी नाराजगी जता चुके हैं। मकसूदापुर चीनी मिल के मौजूद प्रतिनिधि को तो डीएम ने साफ तौर पर कह दिया था कि गन्ना भुगतान करवाइए अन्यथा जेल भेज देंगे। डीएम की इस चेतावनी के बाद मकसूदापुर चीनी मिल ने करीब दो करोड़ रुपये दो बार में किसानों के खाते में भेज सकी है। इसी तरह तिलहर चीनी मिल पर 44.32 करोड़ रुपये बकाया है, जबकि पुवायां सहकारी चीनी मिल पर 33.85 करोड़ रुपये बकाया है। इधर किसान अपना भुगतान पाने का इंतजार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: डिप्टी सीएम ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, कई स्वास्थ्य कर्मियों को सस्पेंड करने के दिए आदेश

संबंधित समाचार