बिजनौर: डीआईजी के आदेश पर टीम ने की खनन पर छापेमारी, सात डंपर और दो जेसीबी बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/स्योहारा, अमृत विचार। रात के अंधेरे में चोरी-छिपे चल रहे अवैध खनन की लगातार शिकायतों के बाद डीआईजी ने टीम गठित कर छापेमारी के लिए भेजी। जिसकी लोकल थाने को कानों कान तक खबर नहीं हुई। टीम ने मिट्टी का खनन कर रही दो जेसीबी, सात डंपर और एक बाइक को बरामद कर थाने में …

बिजनौर/स्योहारा, अमृत विचार। रात के अंधेरे में चोरी-छिपे चल रहे अवैध खनन की लगातार शिकायतों के बाद डीआईजी ने टीम गठित कर छापेमारी के लिए भेजी। जिसकी लोकल थाने को कानों कान तक खबर नहीं हुई। टीम ने मिट्टी का खनन कर रही दो जेसीबी, सात डंपर और एक बाइक को बरामद कर थाने में जमा कर दिया।

डीआईजी मुरादाबाद के आदेश पर सीओ ठाकुरद्वारा सागर जैन के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस फोर्स शामिल करते हुए खनन माफिया के खिलाफ ऑपरेशन अभियान हेतु टीम का गठन किया गया जिसने शुक्रवार मध्यरात्रि को थाने पर बिना सूचना दिए लक्ष्य कॉलेज के सामने चल रहे अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ छापेमारी कर दी। अवैध खनन में दो जेसीबी तथा सात डंपर और एक बाइक पकड़ कर थाने में सीज कर दिए।

रात में खनन पर किसी अधिकारी का ध्यान नहीं गया। अवैध मिट्टी खनन की जानकारी जब उच्च अधिकारियों को हुई तो उन्होंने टीम गठित की और स्योहारा क्षेत्र में छापेमारी की और मिट्टी खनन माफिया पर कार्रवाई निर्देश दिए। पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों को भी हिरासत में लिया है। इस संबंध में जब ठाकुरद्वारा सीओ सागर जैन से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अधिकारियों के आदेश पर रात में चल रहे अवैध मिट्टी खनन पर छापेमारी की गई है, जब उनसे कागजात मांगे गए तो वह कोई भी कागजात नहीं दिखा सके। अवैध खनन के खिलाफ थानाध्यक्ष को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।

तीन थानों की पुलिस फोर्स के साथ गठित ऑपरेशन अभियान टीम ने छापेमारी की सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी और ना ही कानों कान खबर होने दी। थानाध्यक्ष आशीष तोमर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जा रही है।

आखिर किसकी शह पर चल रहा था खनन
थाने से 3 किलोमीटर दूर लक्ष्य कॉलेज के सामने चल रहा अवैध मिट्टी का खनन आखिर स्थानीय अधिकारियों को क्यों नहीं दिखाई दिया। जबकि बाहर से आई टीम ने अवैध मिट्टी के खनन को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें कई बार किए जाने के बाद भी नजर अंदाज की जा रही थी। जब मामला डीआईजी के दरबार में पहुंचा तो उन्होंने टीम का गठन कर दिया। बाहर से आई टीम के सामने मिट्टी का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी था जिसे टीम ने पकड़ लिया। खनन अधिकारी बीके गौतम ने बताया कि बाहर से टीम के आने की जानकारी मिली है, थाने पर अवैध मिट्टी के खनन की कुछ गाड़ियों को खड़ा किया गया है, विस्तृत जानकारी के लिए थाना स्तर पर संपर्क करें।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर: ओवरटेक करते समय कैंटर ने बाइक सवारों को कुचला, एक की मौत

संबंधित समाचार